टीआरपी डेस्क। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है और इसके तहत पाकिस्तान का एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम HQ-9 पूरी तरह तबाह कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने असाधारण पराक्रम दिखाया है, जिसके लिए वे सेना को दिल से बधाई देते हैं।

पीओके में आतंकियों के अड्डे तबाह

राजनाथ सिंह ने जानकारी दी कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) और पाकिस्तान में कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह हमला इतनी सटीकता से किया गया कि एक भी निर्दोष नागरिक को नुकसान नहीं पहुंचा, जो हमारे सशस्त्र बलों की प्रोफेशनलिज्म और उच्च गुणवत्ता वाले उपकरणों का प्रमाण है।

DRDO भवन से दी गई जानकारी

दिल्ली में DRDO भवन में आयोजित नेशनल क्वालिटी कॉन्क्लेव 2025 में बोलते हुए रक्षा मंत्री ने कहा:

  • हमारी सहनशीलता को कमजोरी न समझा जाए। यदि ज़रूरत पड़ी तो दुश्मन को फिर वैसा ही जवाब मिलेगा जैसा अभी मिला है।
  • पाकिस्तान और पीओके में हमारे सैनिकों की कार्रवाई देश के लिए गर्व की बात है।
  • ऑपरेशन सिंदूर जैसी सैन्य कार्रवाई भारत की तकनीकी गुणवत्ता और रणनीतिक क्षमता का प्रमाण है।
See also  बड़ी खबर : 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए अनिल देशमुख, ED ने मांगी थी कस्टडी

ऑपरेशन सिंदूर की पृष्ठभूमि

बता दें कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत कड़ा जवाब दिया। इस ऑपरेशन में पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किया गया, और बड़ी संख्या में आतंकवादी मारे गए।