IndiGo Airlines: नई दिल्ली। भारत सरकार ने देश की सबसे बड़ी निजी एयरलाइन इंडिगो को तुर्की एयरलाइंस के साथ अपने विमान लीज समझौते को समाप्त करने का निर्देश दिया है। यह निर्णय भारत और तुर्की के बीच बढ़ते राजनयिक तनाव के बीच लिया गया है। बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तुर्की ने खुलकर पाकिस्तान की मदद की थी। जिसके बाद, भारत ये सख्त कदम उठा रहा है।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने इंडिगो को तुर्की एयरलाइंस से लिए गए दो बोइंग 777 विमानों के लिए ‘वेट लीज समझौते’ को केवल तीन महीने के लिए बढ़ाने की अनुमति दी है, लेकिन इसके साथ शर्त रखी गई है कि इस अवधि के बाद इंडिगो इस समझौते को समाप्त कर देगा और भविष्य में इसके लिए और विस्तार नहीं मांगेगा।

क्या है लीज समझौता

इंडिगो ने 2023 में तुर्की एयरलाइंस के साथ एक वेट लीज समझौता शुरू किया था, जिसके तहत तुर्की एयरलाइंस ने दो बोइंग 777 विमान, पायलट और कुछ क्रू मेंबर्स के साथ इंडिगो को उपलब्ध कराए। इन विमानों का इस्तेमाल दिल्ली और मुंबई से इस्तांबुल के बीच उड़ानों के लिए किया जा रहा है। प्रत्येक विमान में 500 से अधिक सीटें हैं, जो इंडिगो को लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में अपनी क्षमता बढ़ाने में मदद करता है।

See also  SUPREME COURT ORDER : सरकारी कर्मचारी की विधवा का गोद लिया बच्चा पारिवारिक पेंशन का हकदार नहीं

यह समझौता इंडिगो को बिना भारी पूंजी निवेश के लंबी दूरी की उड़ानों में विस्तार करने में सक्षम बनाता है, क्योंकि तुर्की एयरलाइंस विमानों का रखरखाव, बीमा और पायलट प्रदान करती है, जबकि इंडिगो अपनी केबिन क्रू और ग्राउंड ऑपरेशंस का प्रबंधन करता है।

इसके अलावा, इंडिगो और तुर्की एयरलाइंस के बीच 2018 से एक कोडशेयर समझौता भी है, जिसके तहत इंडिगो तुर्की एयरलाइंस के नेटवर्क के माध्यम से यूरोप और उत्तरी अमेरिका में 40 से अधिक गंतव्यों तक अपने यात्रियों को कनेक्टिविटी प्रदान करता है। यह साझेदारी भारतीय यात्रियों के लिए किफायती यात्रा विकल्प और वैश्विक कनेक्टिविटी को बढ़ावा देती है।

सभी नियमों का पालन करेंगे: इंडिगो सीईओ

इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने शुक्रवार को कहा कि टर्किश एयरलाइंस के विमानों के ‘वेट लीजिंग’ पर सरकार के सभी नियम का पालन करेंगे। ‘वेट लीजिंग’ में विमान देने वाली कंपनी ही चालक दल, रखरखाव और बीमा का इंतजाम करती है।

See also  इंडिगो की मुंबई-दोहा फ्लाइट रद्द, घंटों की देरी के बाद एयरपोर्ट पर हंगामा, एयरलाइन ने मांगी माफी

पिछले हफ्ते नागर विमानन मंत्री के राममोहन नायडू ने कहा था कि मंत्रालय टर्किश एयरलाइंस से पट्टे पर लिए गए विमानों के उपयोग पर इंडिगो और सुरक्षा एजेंसियों से परामर्श कर रहा है और इस बारे में आगे फैसला किया जाएगा।