First arrest in Bengaluru RCB victory parade stampede case, RCB marketing head Nikhil Sosale arrested

बेंगलुरु। IPL 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की पहली ट्रॉफी जीतने की खुशी पूरे शहर में उमंग और उत्साह के साथ मनाई जा रही थी। लेकिन चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर जश्न का यह माहौल उस समय दिल दहला देने वाली त्रासदी में तब्दील हो गया जब भारी भीड़ के चलते भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। वहीं 50 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज शहर के विभिन्न अस्पतालों में जारी है।

18 साल की प्रतीक्षा का अंत, लेकिन जश्न में घुल गया मातम

जानकारी के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब RCB की 18 साल बाद मिली पहली IPL ट्रॉफी की खुशी में हजारों फैंस बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर जुटे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेडियम के अंदर और बाहर भीड़ अचानक बेकाबू हो गई, और लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे। भगदड़ में कुछ लोग कुचल गए, वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई और जश्न का माहौल पल भर में मातम में बदल गया।

See also  IPL 2026: मुंबई और लखनऊ का सफर खत्म, प्लेऑफ के लिए 8 टीमों में 'संघर्ष'

आपातकालीन सेवाएं सक्रिय, घायलों का इलाज जारी

स्थानीय प्रशासन और एंबुलेंस सेवाएं तत्काल मौके पर पहुंचीं। घायलों को नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर्स के मुताबिक कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।

ट्रैफिक पुलिस ने जारी की थी एडवाइजरी

बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस ने पहले ही भीड़ को लेकर एडवाइजरी जारी की थी, जिसमें बताया गया था कि कोई ओपन बस विक्ट्री परेड नहीं होगी। उन्होंने लोगों से अपील की थी कि विधानसभा और चिन्नास्वामी स्टेडियम क्षेत्र से दूर रहें और मेट्रो का उपयोग करें। बावजूद इसके, भारी संख्या में फैंस स्टेडियम के बाहर एकत्र हो गए।