रायपुर। रायपुर से कोरोना को लेकर राहतभरी खबर सामने आई है। शहर में 10 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं, जिससे अब राजधानी में सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 25 रह गई है। इनमें से सिर्फ 1 मरीज अस्पताल में भर्ती है, जबकि शेष 24 मरीज होम आइसोलेशन में इलाज करवा रहे हैं।

अब तक 35 मरीज, 4 को है ट्रैवल हिस्ट्री

मुख्य जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. मिथलेश चौधरी ने बताया कि रायपुर में अब तक कुल 35 कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए हैं, जिनमें से सिर्फ 4 की ट्रैवल हिस्ट्री रही है। बाकी के केस स्थानीय संक्रमण से जुड़े हैं।

वायरस कमजोर, लेकिन सतर्कता जरूरी

डॉ. चौधरी ने जानकारी दी कि इस बार का कोरोना वायरस ज्यादा घातक नहीं है, लेकिन लापरवाही खतरनाक साबित हो सकती है। संक्रमितों में सर्दी, खांसी, बुखार और स्वाद का चला जाना जैसे सामान्य लक्षण देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि बच्चे और बुजुर्ग अधिक संवेदनशील हैं, इसलिए उनके लिए अतिरिक्त सावधानी जरूरी है।

See also  Encounter News : पुलिस और नक्सली के बीच हुआ मुठभेड़, 2 जवान घायल

स्वास्थ्य विभाग की सलाह

  • कोरोना जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत जांच करवाएं।
  • जांच की सुविधा जिला अस्पताल पंडरी और डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल में उपलब्ध है।
  • होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों को परिवार से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
  • भीड़भाड़ से बचें और मास्क का उपयोग अवश्य करें।

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि कोरोना को हल्के में न लें। लक्षण दिखते ही चिकित्सा सलाह लें, क्योंकि जागरूकता और सतर्कता ही संक्रमण को नियंत्रित करने का सबसे प्रभावी उपाय है।