रायपुर। छत्तीसगढ़ में बांग्लादेशी घुसपैठियों की बढ़ती संख्या पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने अपने वोट बैंक को मजबूत करने के लिए गलत नीतियां अपनाईं, जिसका नतीजा आज सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि अब सरकार को बड़े पैमाने पर अभियान चलाने की जरूरत पड़ रही है।

मीडिया से बातचीत में विजय शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार प्रत्येक जिले में एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) का गठन कर इस दिशा में काम कर रही है। जल्द ही एक टोल-फ्री नंबर जारी किया जाएगा, जिस पर आमजन बांग्लादेशियों से जुड़ी जानकारी साझा कर सकेंगे। इसके अलावा डिजिटल माध्यमों से भी सूचनाएं जुटाई जाएंगी और त्वरित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पकड़े गए घुसपैठियों को वापस भेजने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में रायपुर पुलिस ने बांग्लादेशी दंपती समेत कुल 10 घुसपैठियों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए आरोपियों में 6 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं। इनके पास से फर्जी आधार कार्ड, पासपोर्ट, पैन कार्ड सहित अन्य दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। अब प्रशासन इन घुसपैठियों को उनके देश वापस भेजने की तैयारी कर रहा है।

See also  CG News: छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने पर 6 फरवरी 2026 तक चलेगा कार्यक्रम, हर विभाग के अलग-अलग आयोजन