रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों द्वारा बिछाए गए आईईडी की चपेट में आकर शहीद हुए एएसपी आकाश गिरपुंजे के परिजनों से कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार पूरी मदद कर रही है और कांग्रेस पार्टी भी हर संभव सहायता के लिए तत्पर है।

अपने छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान सचिन पायलट के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत भी शहीद के घर पहुंचे। सचिन पायलट ने कहा, इस प्रकार के हमले से समाज में गलत संदेश जाता है। आकाश गिरपुंजे ने जिस साहस और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जान की बाजी लगाई, उस पर हमें गर्व है। उनके परिवार के प्रति मैं गहरी संवेदना प्रकट करता हूं।

सचिन पायलट ने आगे कहा कि आतंकवाद और नक्सलवाद जैसी हिंसक प्रवृत्तियों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है। हमें ऐसे कृत्यों पर कड़ा अंकुश लगाना होगा। पूरे समाज को मिलकर इन चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। यह अत्यंत पीड़ादायक है कि ड्यूटी निभाते हुए किसी अधिकारी को जान गंवानी पड़ी।

See also  सचिन पायलट के नेतृत्व में विधानसभा घेरने निकले कांग्रेसी, केनाल रोड़ पर पुलिस ने रोका, नहीं बढ़ने दिया आगे

इसके साथ ही उन्होंने बड़ा संदेश देते हुए कहा, देश और प्रदेश में जो भी भारत विरोधी ताकतें सक्रिय हैं, उन्हें हर हाल में पराजित किया जाएगा। हिंसा के लिए समाज में कोई स्थान नहीं है चाहे वह आतंकवाद हो या नक्सलवाद। इन सबका डटकर मुकाबला करना ही हम सबकी जिम्मेदारी है।