रायपुर। महादेव सट्टा एप के बाद अब छत्तीसगढ़ में ‘शिवा बुक’ नाम से नया ऑनलाइन सट्टा एप सामने आया है। खैरागढ़-गंडई-छुईखदान जिले में करीब 20 करोड़ रुपये का संदिग्ध ऑनलाइन लेनदेन पकड़ा गया है। पुलिस की कार्रवाई में नागपुर से 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, सभी आरोपी छत्तीसगढ़ के ही रहने वाले हैं।

मिली जानकारी के अनुसार 18 जून 2025 को खैरागढ़ में एक व्यक्ति ऑनलाइन जुआ खेलते पकड़ा गया। उसी से सुराग मिला और सर्वर की लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद नागपुर और दुर्ग में सट्टा रैकेट की दो ब्रांच का पता चला।

नागपुर में किराए के फ्लैट से हो रहा था सट्टे का संचालन
जानकारी के अनुसार, सटोरियों ने नागपुर में किराए का एक फ्लैट लिया था, जहां से ‘शिवा बुक’ एप को मोबाइल और लैपटॉप से ऑपरेट किया जाता था। 11 जुलाई को पुलिस ने दबिश देकर 6 आरोपियों को हिरासत में लिया। जांच में सामने आया है कि ‘शिवा बुक’ उसी सर्वर से चल रहा था, जिससे पहले ‘महादेव बुक’ ऑपरेट किया जा रहा था। यही नहीं, ‘अन्ना रेड्डी’, ‘लोटस’, ‘शिवनाथ’ और ‘शिवा बुक’ जैसे कई एप एक ही सोर्स कोड पर बनाए गए हैं।

See also  राजधानी रायपुर में तेजी से बढ़ा गन कल्चर; स्टेटस सिंबल या कुछ और…?

दुर्ग और दुबई से जुड़ रहा है नेटवर्क

पुलिस के अनुसार, इस एप का कनेक्शन दुर्ग से लेकर दुबई तक जुड़ा हुआ है। एजेंसियों को हवाला, ड्रग्स और बिटकॉइन के संदिग्ध लेनदेन की भी आशंका है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने ₹50,000 नकद, 2.28 लाख बैंक में जमा, 25 मोबाइल, 2 लैपटॉप, 26 एटीएम कार्ड, 19 पासबुक, 14 चेकबुक, 8 आधार कार्ड पासपोर्ट और रजिस्टर बरामद किए हैं।

आरोपियों की पहचान

  • क्षत्रपाल पटेल (21) – डोंगरगढ़
  • कुंज पन्ना (24) – जशपुर
  • समीर बड़ा (22) – जशपुर
  • धनंजय सिंह (34) – दुर्ग
  • चंद्रशेखर अहिरवार (33) – दुर्ग
  • डूमेश श्रीवास (21) – भिलाई