रायपुर। पुरानी बस्ती थाने में दर्ज ब्लैकमेलिंग, जान से मारने की धमकी और अवैध वसूली जैसे संगीन आरोपों में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह तोमर और रोहित सिंह तोमर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में रोहित सिंह तोमर की पत्नी भावना तोमर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब भावना से पूछताछ कर दोनों फरार आरोपियों के ठिकाने और गतिविधियों से जुड़ी जानकारियां जुटा रही है।

7 मामले दर्ज, कोर्ट से उद्घोषणा आदेश जारी

तोमर ब्रदर्स पर अब तक 7 मामले दर्ज हो चुके हैं। पुलिस की ओर से कोर्ट में पुनः आवेदन प्रस्तुत करने के बाद कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 18 अगस्त तक स्वयं प्रस्तुत होने का आदेश जारी किया है। इससे पहले पुलिस दोनों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी करवा चुकी है, लेकिन आरोपी अब तक पूछताछ के लिए पुलिस के पास नहीं पहुंचे हैं।

माना जा रहा है कि यह उद्घोषणा आदेश आरोपियों की संपत्ति कुर्की की दिशा में अगला कदम है। पुलिस ने पहले ही दोनों की गिरफ्तारी पर 5-5 हजार रुपए के इनाम की घोषणा कर दी है।

See also  छत्तीसगढ़ की नदियों को पुनर्जीवित करने हाईकोर्ट का बड़ा निर्देश: मुख्य सचिव ने कलेक्टरों को दिए कड़े टास्क, अब स्कूलों में होगी ये प्रतियोगिता

आरोपियों पर द2 और गंभीर मामले दर्ज

पुलिस के मुताबिक आरोपियों पर 2 नई शिकायतें पुरानी बस्ती थाने में दर्ज हुई हैं। दोनों में आरोपियों पर कर्जदारों से कई गुना रकम वसूलने, धमकाने और हत्या की धमकी देने के आरोप हैं। पीड़ितों ने बताया कि आरोपियों ने उनके जमीन के दस्तावेज और कोरे चेक अपने पास रख लिए थे और रकम चुकाने के बावजूद दस्तावेज लौटाने से इनकार कर दिया। दोनों आरोपी प्रॉपर्टी पर कब्जा करने की धमकी भी दे रहे थे।पीड़ितों ने यह भी बताया कि वे पहले डर के कारण सामने नहीं आए, लेकिन जून में पुलिस जांच के दौरान आरोपियों के फरार होने के बाद उन्होंने साहस कर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

CSP ने खुद चस्पा किया वारंट

एक दिन पहले ही CSP राजेश देवांगन खुद आरोपियों के भाठागांव स्थित साई विला निवास पर गिरफ्तारी वारंट लेकर पहुंचे थे। पुलिस टीम को आरोपी वहां नहीं मिले। इसके बाद परिजनों को गिरफ्तारी वारंट की जानकारी दी गई और फिर पुलिस टीम ने घर के बाहर वारंट चस्पा कर दिया। सोमवार को पुलिस ने कोर्ट को बताया कि आरोपी जानबूझकर पुलिस जांच से बच रहे हैं और फरार हैं। इसी आधार पर कोर्ट ने उद्घोषणा आदेश जारी कर दोनों आरोपियों को 18 अगस्त तक पूछताछ के लिए पहुंचने का समय दिया है।

See also  CG News: आईएएस भीम सिंह ने किया पाटन पीएचसी का दौरा , हमर लैब का निरीक्षण, कहा- इलाज में न बरतें कोई भी कोताही

पुरानी बस्ती TI ने बताया कि सभी शिकायतों की गंभीरता से जांच की जा रही है। दस्तावेज और तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जिनकी जांच के बाद आरोपियों पर और भी अपराध दर्ज किए जा सकते हैं।