रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार को अपने बेटे चैतन्य बघेल से मिलने रायपुर स्थित ED कार्यालय पहुंचे। उनके साथ उनकी बेटी और बहू भी मौजूद हैं। चैतन्य इस वक्त प्रवर्तन निदेशालय (ED) की हिरासत में हैं और 22 जुलाई तक रिमांड पर हैं। मिली जानकारी के अनुसार उन्हें आधे घंटे का समय दिया गया था। बेटे से मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया से चर्चा कर कहा कि उन्हें झूठे आरोप में फंसाया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, चैतन्य बघेल ED दफ्तर के एक कमरे में रखा गया है, जहां एजेंसी के अधिकारी उससे केस से जुड़ी पूछताछ कर रहे हैं। पिता के साथ परिवार के अन्य सदस्य भी मिलने पहुंचे। बेटे से मुलाकात के बाद भूपेश बघेल रविवार देर रात दिल्ली रवाना होंगे।
कांग्रेस का आरोप नेताओं को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा
इस कार्रवाई को लेकर शनिवार 19 जुलाई को रायपुर के राजीव भवन में कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई, जिसमें भूपेश बघेल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। बघेल ने साफ कहा, हमारे नेताओं को जबरन फंसाया जा रहा है। पहले पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा और विधायक देवेंद्र यादव को घसीटा गया, अब मेरे बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया, जो राजनीति में सक्रिय तक नहीं है।
उन्होंने सवाल उठाया कि एक तरफ जंगलों की अंधाधुंध कटाई हो रही है, लेकिन दूसरी तरफ जो लोग इसका विरोध कर रहे हैं, उन्हें एजेंसियों के जरिए दबाया जा रहा है।
कुल मिलाकर, कांग्रेस इसे सत्ता का दुरुपयोग बता रही है, जबकि ED का कहना है कि पूछताछ केस के तथ्यों के आधार पर की जा रही है। सच्चाई क्या है, ये जांच के बाद ही सामने आएगा, लेकिन राजनीतिक तापमान ज़रूर बढ़ गया है।



