0 तीर मारकर किया गया था हिरण का शिकार
जगदलपुर। दरभा रोड, राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में गुरुवार की सुबह एक हिरण का शव सड़क पर मिला था, इस दौरान उसके शरीर पर तीर मारने के निशान भी देखे गए थे। इस मामले को लेकर वन विभाग के अधिकारियों ने एक पत्र जारी करते हुए घोषणा की है कि जो भी शिकारियों के बारे में जानकारी देगा, उसे 10 हजार रुपये दिया जाएगा।
कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के अंतर्गत आने वाले नेशनल हाईवे 30 पर दरभा रोड के मध्य पेदावाड़ा बैरियर के पास एक हिरण का शव देखा गया था। हिरण के शरीर में तीर धंसा हुआ पाया गया, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि हिरण को तीर से मारा गया है।
वन विभाग के सहायक परिक्षेत्र अधिकारी और बोट गार्ड्स की सामूहिक गश्ती के दौरान इस घटना का खुलासा हुआ, घटना की गंभीरता को देखते हुए कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के अधिकारियों द्वारा मामले को संज्ञान में लेकर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई। इस पर विशेष जांच दल का गठन भी कर दिया गया है। वन विभाग ने घटनास्थल के आसपास सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया तथा शिकारियों की तलाश की जा रही है।
विभाग ने ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से बारे में कोई भी जानकारी है, तो तुरंत सूचित करें। जानकारी देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उसे 10,000 रूपये का नगद ईनाम दिया जाएगा।



