MK Stalin Health Update: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को सोमवार सुबह चक्कर और असहजता महसूस हुई, जिसके बाद उन्हें चेन्नई के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुबह की सैर के दौरान ही तबीयत बिगड़ने के बावजूद उन्होंने पार्टी दफ्तर जाकर बैठकें कीं, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया।
उदयनिधि स्टालिन का बयान: घबराने की जरूरत नहीं
राज्य के उपमुख्यमंत्री और स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन ने बताया कि मुख्यमंत्री को हल्का चक्कर आया था और डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें कुछ टेस्ट के लिए भर्ती किया गया है। उन्होंने कहा, “सीएम अब ठीक हैं, टेस्ट किए जा चुके हैं, डॉक्टरों ने सिर्फ तीन दिन आराम की सलाह दी है। बहुत जल्दी वो वापस काम पर लौटेंगे।”
प्रधानमंत्री से लेकर रजनीकांत तक ने जाना हाल
स्टालिन की तबीयत बिगड़ने की खबर फैलते ही कई बड़ी हस्तियों ने संपर्क साधा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी, रजनीकांत और कमल हासन ने फोन पर उनका हालचाल लिया और जल्द स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम रद्द, लेकिन दफ्तर पहुंच कर कीं मुलाकातें
सोमवार को उन्हें कोलाथुर के एक कॉलेज कार्यक्रम में हिस्सा लेना था, लेकिन तबीयत के चलते वह वहां नहीं जा सके। तिरुपुर और कोयंबटूर के अन्य सरकारी कार्यक्रम भी टाल दिए गए हैं। हालांकि, अस्वस्थ होने के बावजूद स्टालिन अन्ना अरिवालयम स्थित डीएमके दफ्तर पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व एआईएडीएमके नेता अनवर राजा का पार्टी में स्वागत किया और सीपीएम नेता पी. शनमुगम से मुलाकात की।
अस्पताल से ही काम जारी
अपोलो अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. अनिल बीजी ने बताया कि कुछ जरूरी जांचें की जा रही हैं और मुख्यमंत्री फिलहाल तीन दिन के आराम पर रहेंगे। अस्पताल में रहते हुए भी वह अपने ऑफिसियल काम जारी रखेंगे।
फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टर्स की निगरानी में हैं। पार्टी और परिवार की ओर से बार-बार यही संदेश दिया जा रहा है चिंता की कोई बात नहीं है।



