नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब हॉगकॉग से आई एयर इंडिया की फ्लाइट AI-315 में लैंडिंग के कुछ ही देर बाद आग लग गई। घटना दोपहर 12:20 बजे करीब टर्मिनल 3 पर जब यात्री विमान से उतर ही रहे थे तभी फ्लाइट के सहायक पावर यूनिट (APU) में आग लग गई और फ्लाइट के अलार्म सिस्टम ने सिग्नल दिया।

सिग्नल के तुरंत बाद फ्लाइट क्रू एक्शन में आया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। कुल 170 यात्री और क्रू सदस्य समय रहते विमान से निकाल लिए गए।

ऑटोमेटिक सिस्टम ने बुझाई गई आग

एयर इंडिया के तकनीकी सूत्रों के मुताबिक आग लगते ही यूनिट अपने आप बंद हो गया, जिससे आग खुद ही धीरे-धीरे शांत हो गई। पायलट ने तुरंत एयरपोर्ट प्रबंधन को सूचित किया, लेकिन आग पर नियंत्रण के लिए मैनुअल हस्तक्षेप की जरूरत ही नहीं पड़ी।

विमान को अलग कर शुरू हुई जांच

एहतियातन विमान को आइसोलेटेड जोन में शिफ्ट किया गया है, जहां टेक्निकल टीम नुकसान का आंकलन कर रही है। माना जा रहा है कि पावर यूनिट की खराबी के चलते ही विमान में आग लगी थी।

See also  Delhi Liquor Scam: दिल्ली हाईकोर्ट से झटके के बाद सुप्रीम कोर्ट पहुंचे केजरीवाल, गिरफ्तारी और रिमांड को चुनौती

पहले भी चर्चा में रही है AI-315

दिलचस्प बात यह है कि 16 जून को भी यही AI-315 तकनीकी कारणों से चर्चा में थी, जब फ्यूल फिल्टर में खराबी आने पर विमान को बीच रास्ते से लौटना पड़ा था। ऐसे में अब यह विमान 2 बार गंभीर तकनीकी चुनौती का सामना कर चुकी है।