बीजापुर। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के कर्मचारियों द्वारा आयोजित एक विदाई पार्टी अब विवादों में घिरती नज़र आ रही है। नए आवंटित बैंक भवन में देर रात शराब पार्टी ने बड़ा रूप ले लिया है। आसपास के लोगों ने जिला प्रशासन से मामले की शिकायत कर दी है।

क्या है पूरा मामला ?

SBI शाखा जल्द ही बीजापुर के मुख्य मार्ग पर स्थित अपने नए भवन में स्थानांतरित होने वाली है। इसी भवन में एक कर्मचारी की विदाई पार्टी का आयोजन किया गया था। शुरुआत में यह एक औपचारिक विदाई समारोह था, लेकिन देर रात तक यह पार्टी शराबखोरी और डांस में तब्दील हो गई। जिससे आसपास के लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

वायरल वीडियो से सच आया सामने

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बैंक के कर्मचारी शराब के नशे में तेज़ संगीत पर थिरक रहे हैं और हल्ला मचा रहे हैं। वीडियो में बैंक परिसर को पार्टी स्थल में बदला हुआ देखा जा सकता है, जो सरकारी संस्थान की गरिमा के खिलाफ माना जा रहा है।

See also  Corona in Chhattisgarh : बेमेतरा कलेक्टर समेत 2048 नए मरीज, 23 मौतें

स्थानीय लोगों की नाराजगी

आसपास के रहवासियों ने आरोप लगाया है कि रात भर तेज संगीत, शोरगुल और हुल्लड़ से उन्हें नींद में खलल का सामना करना पड़ा। कुछ राहगीरों ने भी बैंक परिसर से आ रही आवाजों पर आश्चर्य जताया। लोगों ने इस बात पर नाराज़गी जताई है कि सार्वजनिक स्थान, वह भी एक सरकारी बैंक भवन को इस तरह पार्टी के लिए इस्तेमाल करना सही नहीं है।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और बैंक प्रबंधन से इस पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसे मामलों में यदि सख्त कदम न उठाए गए तो आने वाले समय में यह एक परंपरा बन सकती है, जिससे शासकीय संस्थानों की साख पर असर पड़ेगा।

बैंक जैसे संस्थानों में इस तरह का गैर-पेशेवर व्यवहार न सिर्फ नियमों की अवहेलना है, बल्कि आम जन के लिए भी समस्या पैदा करता है। प्रशासन और बैंक प्रबंधन को इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए उचित कदम उठाने की जरूरत है।

See also  CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अभी और चढ़ेगा पारा, तापमान में 5 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना…