जशपुर। कलेक्टर रोहित व्यास ने आज सुबह एक स्कूल के निरीक्षण के दौरान यहां के प्राचार्य को तत्काल हटा दिया । दरअसल कलेक्टर सुबह-सबेरे स्कूलों के निरीक्षण में पहुंच गए । इसी कड़ी में जब कलेक्टर का प्रशासनिक काफिला हाई स्कूल अंकिरा पहुंचा तो उनके देखते ही ग्रामीणो ने हाई स्कूल के प्राचार्य सीएस पैंकरा की शिकायतों का पिटारा खोल दिया । ग्रामीणो के कई शिकायतों में सबसे अहम यह थी कि प्रिंसिपल रोज शराब पीकर स्कूल आते हैं। जिसे सुनते ही कलेक्टर ने त्वरित निर्णय लेते हुए प्राचार्य सी एस पैंकरा को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दे दिए।
कम नहीं हो रही मदिरा प्रेमी शिक्षकों की शिकायतें
बता दें कि स्कूलों में शिक्षकों के शराब पीकर आने की न तो यह पहली शिकायत है, न शराब पीने का पहला मामला। जिले में अक्सर शराब पीकर आने वाले शिक्षकों के वीडियो वायरल होते रहे हैं। हांलाकि इन मामलों में शिक्षा विभाग त्वरित कार्रवाई भी करते आ रहा है, बावजूद इसके स्कूल में शराब पीकर शिक्षा देने वाले शिक्षकों की शिकायतों का ग्राफ कम नहीं हो रहा ।
बहरहाल ग्रामीणो की शिकायत पर कलेक्टर द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई के बाद मदिरा प्रेमी शिक्षकों में कितना सुधार आता है यह देखने वाली बात होगी ।



