रायगढ़/सरगुजा। प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के चलते जान-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जल स्तर बढ़ने के चलते कई स्थानों पर लोगों की आवाजाही बाधित रही है।इसी कड़ी में रायगढ़ जिले में घरघोड़ा तहसील के फगुरम के करीछापर में बना स्टॉप डेम तेज बहाव में बह गया, जिससे कई गांवों का संपर्क टूट गया है। ग्रामीणों को आने जाने में भारी परेशानी हो रही है। प्रशासन ने आनन फानन में मोर्चा संभाल लिया है और रास्ता बहाल करने का काम शुरू कर दिया गया है।

दरअसल लगातार बारिश से पानी का दबाव इतना बढ़ा कि करीछापार का स्टॉप डेम टूट गया। इससे करीछापार और आसपास के गांवों को जोड़ने वाला मुख्य सड़क मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है। ग्रामीणों को अब करीब 5 किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ रहा है, जिसमें उन्हें आधे घंटे से ज़्यादा का समय लग रहा है।

बह गई सड़क, आवागमन ठप

इसी तरह, घरघोड़ा जनपद पंचायत के तहत कुडूमकेला से पुरी जाने वाली सड़क भी पानी के तेज़ बहाव में बह गई है। सड़क कटने से यहां भी आवागमन पूरी तरह से ठप है। इस वजह से न सिर्फ लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी पर असर पड़ रहा है, बल्कि स्कूल, अस्पताल और बाज़ार तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है।

See also  ट्रैफिक रूल तोड़ा तो जांच करेंगे डीएसपी, पुलिस काटेगी चालान और पटाने जाना होगा एसपी के दफ्तर : गृहमंत्री

मूसलाधार बारिश से कन्हर नदी का जलस्तर बढ़ा

उधर जशपुर, कुसमी, शंकरगढ़ क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश के बाद कन्हर नदी का जल स्तर बढऩा शुरू हो गया और देखते-देखते नदी का पानी 10 वर्षों के अपने रिकार्ड को तोड़ते हुए राम मंदिर घाट से शिव मंदिर घाट तक बने सीसी रोड तक पहुंच गया।

राम मंदिर घाट, महामाया मंदिर घाट एवं शिव मंदिर घाट में सैकड़ों की संख्या में लोग कन्हर नदी का नजारा देखने पहुंचे। पुलिस के द्वारा भी लगातार पेट्रोलिंग एवं मौके पर पुलिस बल तैनाती कर दी गई थी।

गौरतलब है कि विगत 10 वर्षों के बाद कन्हर नदी का जलस्तर इतना बढ़ा है। कन्हर का पानी एनीकट के सुरक्षा दीवार को पार कर आमंत्रण धर्मशाला के सामने से बहने लगा। रामानुजगंज को पुरानडीह से जोड़ने वाला फकीरवा नाला भी लबालब हो गया। रिंग रोड में नदी के बढ़ते जल स्तर से नदी के किनारे बने घरों के नजदीक तक पानी पहुंच गया है यदि पानी का और जल स्तर बढ़ता है तो घरों को खाली करना पड़ेगा।

See also  बेंगलुरु से हिमाचल घूमने गए भिलाई के एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, चंबा में बड़ा हादसा