टीआरपी डेस्क। पंजाब पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर एक अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस नेटवर्क के जरिए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI की ओर से समर्थित हैंडलर्स भारत में अत्याधुनिक हथियार और ड्रग मनी की तस्करी कर रहे थे।
इस बड़ी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पंजाब पुलिस के महानिदेशक (DGP) ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म X पर इस पूरे ऑपरेशन की जानकारी देते हुए इसे एक महत्वपूर्ण सफलता करार दिया है।
पंजाब DGP गौरव यादव ने X पोस्ट में लिखा, “अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए, केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर, पाकिस्तान-ISI समर्थित संचालकों द्वारा संचालित अत्याधुनिक हथियारों और ड्रग मनी के एक बड़े सीमा पार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 5 प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से 1 एके सैगा 308 असॉल्ट राइफल और 2 मैगजीन, 2 ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल और 4 मैगजीन, एके राइफल के 90 जिंदा कारतूस, 9 एमएम के 10 जिंदा कारतूस, 7.50 लाख रुपए की ड्रग मनी, एक कार और 3 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
DGP ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि आरोपियों के पाकिस्तान स्थित ISI के गुर्गों से सीधे संबंध थे। पकड़ी गई खेप गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के एक सहयोगी नव उर्फ नव पंडोरी को पहुंचाई जानी थी, जो एक व्यापक आतंकवादी-गैंगस्टर गठजोड़ का संकेत देता है। पंजाब पुलिस आतंकवादी नेटवर्क को ध्वस्त करने, संगठित अपराध को खत्म करने और राज्य भर में शांति, सुरक्षा और सद्भाव बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



