Deoghar Accident: देवघर। झारखंड के देवघर में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। बस और ट्रक की भीषण टक्कर में कम से कम 6 कांवड़ियों की मौत हो गई है तो 30 से ज्यादा जख्मी हैं। देवघर–हंसडीहा मुख्य पथ पर मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया चौक के समीप श्रद्धालुओं से भरी बस और गैस सिलेंडर लोड ट्रक के बीच भीषण टक्कर में 5 श्रद्धालु सहित बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
Deoghar Accident: मृतकों में बिहार के अलग–अलग चार जिलों की महिलाएं और एक किशोर के अलावा मोहनपुर थाना क्षेत्र निवासी बस चालक शामिल है। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सबों को बेहतर इलाज के लिए देवघर एम्स रेफर कर दिया गया है।
Deoghar Accident: हादसे में घायल श्रद्धालुओं के अनुसार सभी श्रावणी मेले की तीसरी सोमवारी पर देवघर में बाबा वैद्यनाथ पर जलार्पण करने के बाद मंगलवार सुबह यात्री बस से बासुकीनाथ जा रहे थे। उसी दौरान रास्ते में अनियंत्रित ट्रक और बस में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के परखच्चे उड़ गए।
Deoghar Accident: झारखंड के प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में इन दिनों श्रावणी मेले की वजह से हर दिन लाखों श्रद्धालु आ रहे हैं। झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश समेत देश-विदेश से श्रद्धालु सावन में बाबा की पूजा के लिए आते हैं। देवघर आने वाले अधिकतर श्रद्धालु बासुकीनाथ भी जाते हैं। इस वजह से रास्ते पर काफी भीड़-भाड़ होती है।


