टीआरपी डेस्क। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विवादित बयान भारत की इकोनॉमी डेड है को लेकर देश की सियासत में घमासान मच गया है। इस पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने जहां समर्थन दिया, वहीं उनकी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने इसे पूरी तरह खारिज कर दिया।
केरल के तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने ट्रंप के बयान को सिरे से नकारते हुए कहा, यह कोई मुद्दा ही नहीं है। ऐसा नहीं है, और हम सब जानते हैं। थरूर से पहले कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला और शिवसेना (UBT) की प्रियंका चतुर्वेदी भी ट्रंप के बयान को बेबुनियाद बता चुके हैं।
राहुल गांधी का उल्टा दांव
राहुल गांधी ने ट्रंप के बयान पर खुशी जताते हुए कहा, मैं खुश हूं कि ट्रंप ने यह कहा। मोदी और निर्मला सीतारमण को छोड़कर हर कोई जानता है कि भारत की इकोनॉमी डेड है। लेकिन यही बयान अब उन्हीं के लिए सियासी संकट बनता दिख रहा है, क्योंकि उनकी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता इस दावे से सहमत नहीं हैं।
राजीव शुक्ला बोले- ट्रंप भ्रम में हैं
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला ने ट्रंप की टिप्पणी को भ्रम पर आधारित बताया। उन्होंने कहा, भारत की आर्थिक स्थिति मजबूत है। कोई यह कहता है कि वह हमें आर्थिक रूप से खत्म कर सकता है, तो यह उसकी गलतफहमी है।
प्रियंका चतुर्वेदी ने भी दिया करारा जवाब
शिवसेना (UBT) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्रंप की टिप्पणी को अहंकार और अज्ञानता से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा, भारत आज दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में है और सबसे तेजी से बढ़ने वाला देश है। इसे ‘डेड’ कहना सिर्फ राजनीतिक स्टंट है।
अमेरिका का टैरिफ और भारत का जवाब
भारत पर अमेरिका द्वारा 25% टैरिफ लगाए जाने के मुद्दे पर थरूर ने इसे सौदेबाजी की रणनीति बताया और कहा कि यह ट्रेड वार्ताओं का हिस्सा है। उन्होंने साफ किया कि भारत अपने किसानों और उद्यमियों के हितों के साथ किसी तरह का समझौता नहीं करेगा।



