टीआरपी डेस्क। उत्तर प्रदेश में रेल हादसा हुआ है। मुजफ्फरपुर से अहमदाबाद जा रही 15269 साबरमती जनसाधारण एक्सप्रेस के दो कोच भाऊपुर स्टेशन के पास पटरी से उतर गए। हादसे के समय ट्रेन धीमी गति से चल रही थी, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ।
हादसा शाम 4:12 बजे हुआ। ट्रेन पनकी धाम स्टेशन पार कर रही थी और भाऊपुर आउटर पर पहुंची थी। अचानक तेज आवाज के साथ इंजन से छठवां और सातवां कोच लूप लाइन नंबर 4 के प्वाइंट नंबर 4 पर डिरेल हो गए। यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग कोच से कूद कर बाहर निकल आए।
रेलवे प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मेडिकल वैन और एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन मौके के लिए रवाना की। हालांकि, किसी के घायल न होने की पुष्टि होने के बाद मेडिकल वैन को पनकी में ही रोक दिया गया। रेलवे अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर डिब्बों को दोबारा ट्रैक पर लाने का अभियान शुरू कर दिया है।
रेलवे ने जानकारी दी कि हादसा गार्ड ब्रेकवान के पास के कोचों में हुआ और इसमें ट्रेन का पिछला हिस्सा प्रभावित हुआ है। इस दौरान डाउन लाइन से ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से जारी है, जिससे अन्य गाड़ियों पर असर नहीं पड़ा है।
जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
रेलवे ने यात्रियों और उनके परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:
- प्रयागराज: 0532-2408128, 2407353, 2408149
- कानपुर: 0512-2323015, 3016, 3018
- टूंडला: 7392959712



