सरगुजा। छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के अंबिकापुर निवास कोठीघर परिसर में चोर ने बड़ी चोरी को अंजाम दिया है। चोर ने परिसर के पोर्च में सजावट के रूप में रखी लगभग 15 किलो वजनी पीतल (ब्रास) की हाथी की मूर्ति चोरी कर ली है। घटना के समय सिंहदेव विदेश में थे, परिसर के मैनेजर ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
चोर के परिचित होने की आशंका
दरअसल, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद अज्ञात चोर शांत ढंग से परिसर में प्रवेश कर गए, भारी मूर्ति उठाकर वाहन के जरिए ले गए। पुलिस को शक है कि यह चोरी किसी परिचित व्यक्ति द्वारा की गई है। इसका CCTV फुटेज भी सामने आया है। जिसमें देखा गया है कि एक अज्ञात युवक परिसर में चोरी कर वापस जाता दिखाई दे रहा है। चोर पीछे के रास्ते आया था। मूर्ति की कीमत ₹40 हजार आंकी गई है। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर लिया है।
राजपरिवार का निवास है कोठीघर
कोठीघर का उपयोग कई सालों तक कांग्रेस कार्यालय के रूप में किया जाता रहा है। टीएस सिंहदेव का निवास तपस्या बना हुआ है। राजपरिवार के लोग जब आते हैं तो वे कोठीघर में रहते हैं। इसका निर्माण कई साल पहले पैलेस के क्षतिग्रस्त होने के बाद कराया गया था। जिस पीतल की मूर्ति की चोरी हुई है, वह 2 साल पहले लगाई गई थी, जब कोठीघर को रेनोवेट किया गया था। चोर पुराने पैलेस की ओर से कोठीघर परिसर में आया। जहां सामने पोर्च में दोनों ओर लगी हाथी की पीतल की मूर्तियों में से एक को चोर अपने साथ ले गया।


