रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जुटमिल थाना क्षेत्र के टिकरापारा मोहल्ले में एक युवक आधी रात के समय घर में घुसकर मासूम बच्चे को चुपचाप उठाकर ले जाने की कोशिश कर रहा था। लेकिन परिवार के सतर्कता से बच्चा बच गया और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

यह घटना बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात करीब 3 बजे की है। जब पूरा परिवार गहरी नींद में था, तभी एक युवक चोरी-छिपे घर में दाखिल हुआ और बच्चे को लेकर निकलने ही वाला था कि घर में सो रहे एक सदस्य की अचानक नींद खुल गई। शोर मचाते ही परिवार के अन्य सदस्य और पड़ोसी इकट्ठा हो गए। उन्होंने आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपनी हिरासत में ले लिया।

घटना के बाद से टिकरापारा मोहल्ले में दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि अगर समय पर नींद नहीं खुलती, तो बच्चा गायब हो जाता और शायद कोई सुराग भी नहीं मिलता।

See also  रायपुरः संत जलाराम का 223 वां जन्मोत्सव हर्षोउल्लास से मनाने की तैयारी

पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार किया गया युवक ओडिशा से है और किसी गिरोह का हिस्सा हो सकता है। पुलिस को शक है कि यह गिरोह रायगढ़ सहित आसपास के इलाकों में पहले भी ऐसी वारदातें करने की फिराक में रहा होगा। फिलहाल गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि, वे अपने घरों के खिड़की-दरवाजे रात में ठीक से बंद करें और बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।