बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिल्हा ब्लॉक के शासकीय हाई स्कूल बेलतरा में लगभग ₹65 लाख के सरकारी सामान की चोरी का मामला सामने आया है। मामले में स्कूल के प्रभारी प्राचार्य कावेरी यादव द्वारा रिपोर्ट न करना और विभाग को सूचना न देना के परिणामस्वरूप उन्हें निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, शासकीय हाईस्कूल बेलतरा में सरकारी मद से विद्यालय भवन निर्माण और मरम्मत के लिए लाखों रुपए का सामन जैसे खिड़कियां, दरवाजे, लोहे की ग्रिल, फिटिंग्स संग्रहित थीं, लेकिन एक दिन स्कूल निरीक्षण के दौरान पता चला कि ये सारा सामान गायब हो चुका है। जब विभागीय जांच कराई गई तो पता चला कि यह चोरी काफी समय पहले हुई थी, लेकिन प्रभारी प्रचार्य ने न तो इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई और न ही कानूनी प्रक्रिया का पालन किया।
मामला जब लोक शिक्षण संचालक ऋतुराज रघुवंशी के संज्ञान में आया, तो उन्होंने इस पर सख्त रुख अपनाया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि प्रभारी प्राचार्य कावेरी यादव (मूल पद: व्याख्याता, एलबी) ने पद की गरिमा के विपरीत आचरण किया है। उन्होंने न केवल चोरी की घटना को छुपाया बल्कि विभाग और शासन को वित्तीय नुकसान भी पहुंचाया।
इस आधार पर संचालक ने कावेरी यादव को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 के उल्लंघन का दोषी मानते हुए गंभीर कदाचार की श्रेणी में रखा है। आदेश में कहा गया है कि उन्होंने अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन नहीं किया और शासन को ₹65 लाख की हानि पहुंचने दी। हालांकि, लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि निलंबन की अवधि में कावेरी यादव का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बिल्हा कार्यालय में अटैच रहेंगी। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।


