जगदलपुर। नारायणपुर जिले के घने जंगलों में सर्चिंग पर निकले बस्तर फाइटर के जवान रविंद्र ओयाम पर एक जंगली भालू ने अचानक हमला कर दिया। इस घटना में जवान की जांघ में गहरी चोट आई है।
यह घटना गारका कैंप के समीप जंगल में सर्चिंग के दौरान हुई, जहां भालू के हमले से आरक्षक रविंद्र ओयाम गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद जवानों ने तत्काल प्राथमिक उपचार दिया और गंभीर स्थिति को देखते हुए हेलीकॉप्टर की मदद से रविंद्र को मेकाज अस्पताल, जगदलपुर भेजा गया।
रविंद्र ओयाम बस्तर फाइटर्स बल में आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। भालू का हमला इतना तीव्र था कि जवान की जांघ में गहरी चोट आई है, जिससे अधिक खून बह गया।
फिलहाल मेकाज में उनका इलाज जारी है, और डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। साथी जवानों की सतर्कता और समय रहते एयरलिफ्ट की सुविधा मिलने से उनकी जान बचाई जा सकी।


