टीआरपी डेस्क। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम के अखाल इलाके में आतंकियों के साथ मुठभेड़ का आज नौवां दिन है। बीती रात भर इलाके में जोरदार धमाकों और गोलीबारी की आवाजें गूंजती रहीं। इस दौरान सेना के 2 जवान शहीद हो गए और 2 अन्य जवान घायल हुए हैं।
9 दिन में 10 जवान घायल
अब तक मुठभेड़ में 1 आतंकी का शव बरामद हुआ है, जबकि 2 जवान शहीद और 10 जवान घायल हो चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक, घने जंगल और प्राकृतिक गुफा जैसे ठिकानों का फायदा उठाकर कम से कम 3 या उससे ज्यादा आतंकी अब भी छुपे हुए हैं। यह मुठभेड़ पिछले कई दशकों में सबसे लंबा चल रहा आतंक विरोधी अभियान बन गया है।
1 अगस्त से जारी है अभियान
भारतीय सुरक्षाबलों ने 1 अगस्त को जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों की तलाश में ‘ऑपरेशन अखल’ शुरू किया था। यह कार्रवाई इलाके में आतंकियों के छुपे होने की खुफिया जानकारी मिलने के बाद शुरू हुई थी। माना जा रहा है कि जंगलों में 2-3 आतंकी अब भी छुपे हुए हैं।
भारतीय सेना की चिनार कॉर्प्स के अनुसार सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF की संयुक्त टीम ने दक्षिण कश्मीर के जंगल क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी के इनपुट के आधार पर घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया था, जिसके बाद अतंकियों ने हमले की शुरुआत की और अब तक मुठभेड़ जारी है।



