टीआरपी डेस्क। बांदा के नरैनी कोतवाली थाना क्षेत्र के रिसौरा गांव में हुई हृदय विदारक घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। दरअसल, यहां एक महिला ने अपने 3 मासूम बच्चों के साथ आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि त्यौहार की रात मृतका का अपने पति से झगड़ा हुआ था। इसके बाद वह अपने तीनों बच्चों को लेकर घर से निकल गई। उसने तीनों बच्चों को कमर में साड़ी से बांधा और घर से 1 km दूर स्थित नहर में कूद गई। जिससे चारों की मौत हो गई।
अगली सुबह मिले शव
सुबह जब पति उठा तो घर में पत्नी और बच्चे नहीं मिले। उसने गांव में उनकी तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। गांव की नहर के पास महिला की चूड़ी और बच्चों के चप्पल पड़े थे। इसके बाद नहर में उनकी तलाश की गई। जिसके बाद चारों के शवों को नहर से बरामद किया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
गमगीन परिवार, गांव में मातम
चारों शवों के गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। रिश्तेदार और आस-पास के लोग फूट-फूटकर रो पड़े। ASP शिव राज ने कहा कि घरेलू विवाद या मानसिक तनाव की स्थिति में लोग परिवार और दोस्तों से बात करें, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
पुलिस ने महिला के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद का लग रहा है, लेकिन पुलिस दूसरे एंगल पर भी जांच कर रही है।



