रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों में रविवार के दिन अक्सर धर्मान्तरण का मुद्दा गर्म हो जाता है। इस बार भी धर्मांतरण-मतांतरण का का मामला काफी गर्म रहा। रविवार सुबह रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के कुकुर बेड़ा इलाके में हिंदू संगठनों ने एक मकान का घेराव किया। आरोप लगाया गया कि वहां प्रार्थना सभा के नाम पर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था।
हिरासत में लिए गए युवकों से हुई मारपीट

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वहां से तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया। हालांकि, सरस्वती नगर थाना परिसर में स्थिति और बिगड़ गई, जब हिंदू संगठनों के कुछ लोगों ने हिरासत में लिए गए युवकों के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर पीड़ित युवकों को भीड़ से छुड़ाया और मारपीट करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज करने की बात कही।

हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने मौके पर हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान दोनों समुदायों के बीच तनाव का माहौल रहा, जिसे देखते हुए थाना परिसर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

See also  डबल इंजन की सरकार की कथनी और करनी में दिख रहा अंतरः संविदा कर्मी

बिलासपुर में भी उठे विरोध के स्वर

रायपुर जैसी ही एक घटना बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में भी सामने आई। यहां प्रगति नगर आवासपारा में किराए के मकान में चल रही प्रार्थना सभा पर हिंदू संगठनों और पुलिस ने छापा मारा। आरोप है कि 25 से 30 युवतियों और महिलाओं का धर्मांतरण कराने की कोशिश की जा रही थी।

बताया जा रहा है कि यह गतिविधि पवन श्रीवास नामक व्यक्ति के नेतृत्व में हो रही थी। छापेमारी के दौरान कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई। हिंदू संगठनों का कहना है कि धर्म परिवर्तन चोरी-छिपे और संगठित तरीके से किया जा रहा था, जो कानून के खिलाफ है।

दोनों ही घटनाओं में माहौल को देखते हुए पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। रायपुर और बिलासपुर पुलिस का कहना है कि वे मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से करेंगे और यदि किसी के खिलाफ ठोस सबूत मिले तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

See also  बिलासपुर हाई कोर्ट में अवमानना मामलों की पेंडेंसी में आई कमी

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ महीनों में धर्मांतरण के मामलों पर लगातार विवाद होते रहे हैं, जिससे सामाजिक और राजनीतिक तनाव बढ़ा है। रविवार की घटनाओं ने एक बार फिर इस मुद्दे को सुर्खियों में ला दिया है। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई छानबीन और गवाहों के बयान पर आधारित होगी।