टीआरपी डेस्क। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में भारी बारिश से घाटी क्षेत्र में बादल फटने से कई घर मलबे और बाढ़ के पानी में दब गए. जम्मू-पठानकोट नेशनल हाइवे को भी नुकसान पहुंचा है. राहत और बचाव कार्य के लिए रेस्क्यू टीम मौके पर मौजूद है और लगातार हालात को संभालने की कोशिशें जारी हैं.

जानकारी के मुताबिक, शनिवार और रविवार की दरमियानी रात जिले के राजबाग इलाके के जॉड घाटी गांव में बादल फटा. जिससे गांव का बाकी इलाकों से संपर्क टूट गया और जमीन और संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है. हालांकि शुरुआत में किसी जनहानि की रिपोर्ट नहीं थी, लेकिन बाद में चार लोगों की मौत और छह लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है.

पुलिस और SDRF की टीम मौके पर मौजूद

पुलिस और SDRF की संयुक्त टीम को तुरंत गांव भेजा गया. अधिकारियों ने कहा कि स्थिति की निगरानी की जा रही है. आजतक के रिपोर्टर सुदर्शन भार्गव ने ग्राउंडजीरो पर पहुंचर बताया कि किस तरह बादल फटने से तबाही हुई है. लोगों के घरों में मलबा जमा हो गया है और आसपास के वाहन भी मलबे में दब गए हैं. इनके अलावा, कठुआ पुलिस स्टेशन में पड़ने वाले बगार्ड और चंगड़ा गांवों और लखनपुर पुलिस स्टेशन के तहत दिलवान-हुटली क्षेत्र में भी भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ. हालांकि, यहां किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है.

See also  जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटने की चौथी बरसी पर महबूबा मुफ्ती सहित कई नेता नजरबंद

सीएम उमर अब्दुल्ला ने जताया दुख

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कठुआ के कई हिस्सों, जिनमें जौध खड्ड और जुठाना शामिल हैं, जहां भूस्खलनों से हुई जनहानि और नुकसान पर गहरा दुःख जाहिर किया है. इस घटना में 4 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए हैं. उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई, घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया. मुख्यमंत्री ने प्रशासन को तुरंत राहत, रेस्क्यू और निकासी कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और सहयोग सुनिश्चित किया जा सके.