बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के लांजी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी) टीम के वाहन की टक्कर से एक 8 वर्षीय मासूम बालक की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने एफएसएल टीम के वाहन में तोड़फोड़ की और मौके पर मौजूद एएसआई एवं वाहन चालक के साथ मारपीट कर दी। बताया जा रहा है कि भीड़ ने उनके कपड़े भी फाड़ दिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा ग्राम घोटी घुसमारा के समीप उस समय हुआ जब मासूम समर्थ गरुड़े जन्माष्टमी पर्व पर प्रतिमा विसर्जन कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान एफएसएल टीम का वाहन उसे टक्कर मारते हुए निकल गया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए और आक्रोश में आकर एफएसएल वाहन में जमकर तोड़फोड़ की। वहीं, मौके पर मौजूद एएसआई एवं वाहन चालक राहुल को भी भीड़ ने घेर लिया और उनकी पिटाई कर दी। पुलिसकर्मियों की वर्दी भी क्षतिग्रस्त कर दी गई।

See also  आबकारी मंत्री कवासी लखमा को धमकी देने वाला आरोपी शिमला से गिरफ्तार

घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। लांजी थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में करने में जुटी हुई है तथा मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है।