टीआरपी डेस्क। भारतीय क्रिकेटर्स के लिए घरेलू सत्र का पहला बड़ा टूर्नामेंट दलीप ट्रॉफी 2025 बेंगलुरु में 28 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। लेकिन पूर्वी क्षेत्र की टीम को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज आकाश दीप और विकेटकीपर-बल्लेबाज इशान किशन चोटिल होने के कारण क्वार्टर फाइनल मुकाबले से बाहर हो गए हैं। इशान किशन टीम के कप्तान भी थे लेकिन चोटिल होने के चलते उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा।

आकाश दीप और इशान किशन चोटिल

इंग्लैंड दौरे पर शानदार प्रदर्शन करने वाले बंगाल के तेज गेंदबाज आकाश दीप अभी तक कमर की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। उनकी जगह बिहार के मुख्तार हुसैन को टीम में शामिल किया गया है। आकाश दीप ने इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम टेस्ट सीरीज में 13 विकेट लिए थे।

दूसरी ओर, विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन हाथ की चोट से जूझ रहे हैं। वे हाल ही में बाइक से गिर गए थे, जिसके चलते उनके हाथ में टांके लगे हैं। हालांकि उनकी चोट गंभीर नहीं है, लेकिन डॉक्टर्स ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है।

See also  धान खरीदी पर सियासत हुई तेज- सीएम की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक में भाजपा नहीं होगी शामिल

अभिमन्यु ईश्वरन और रियान पराग को सौंपी गई कमान

इशान किशन की अनुपस्थिति में बंगाल के सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन को पूर्वी क्षेत्र की कप्तानी सौंपी गई है। वहीं, असम के ऑलराउंडर रियान पराग टीम के उपकप्तान होंगे।

ईश्वरन इंग्लैंड के खिलाफ भारत की हालिया टेस्ट सीरीज में टीम का हिस्सा तो थे, लेकिन उन्हें प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिल सकी थी। अब वे घरेलू क्रिकेट में अपनी कप्तानी से खुद को साबित करने मैदान पर उतरेंगे।

आने वाले टूर्नामेंट्स की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, इशान किशन अगले महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले 4 दिवसीय मैचों के लिए फिट हो जाएंगे। वहीं, आकाश दीप की नजरें वेस्टइंडीज के खिलाफ अक्टूबर में होने वाली टेस्ट सीरीज पर हैं।