शहडोल। मध्यप्रदेश के शहडोल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिला अस्पताल इलाज कराने पहुंचे एक विकलांग युवक को बंटी-बबली गिरोह ने झाड़-फूंक और चमत्कारी इलाज का झांसा देकर 35 हजार रुपये नगद, एक बकरा, 60 किलो चना, एक कंबल और शराब की बोतल तक ठग ली।

कैसे दिया ठगी को अंजाम
गोहपारू थाना क्षेत्र के बरेली गांव निवासी महेंद्र सिंह अपने पिता का इलाज कराने 27 जुलाई को जिला अस्पताल आया था। वहीं उसकी मुलाकात दो महिलाओं और एक पुरुष से हुई। आरोपियों ने झांसा दिया कि वे विशेष झाड़-फूंक और इलाज से उसकी विकलांगता पूरी तरह दूर कर देंगे। विश्वास में आकर महेंद्र ने अपनी जमा-पूंजी और सामान आरोपियों को सौंप दिया। लेकिन इलाज का आश्वासन देकर आरोपी मौके से गायब हो गए।

पुलिस ने नहीं की सुनवाई, पीड़ित भटका
ठगी का एहसास होने पर महेंद्र ने थाने में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने उसकी फरियाद नहीं सुनी। कई दिनों तक चक्कर काटने के बाद भी मामला दर्ज नहीं हुआ। अंततः वह 40 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय पहुंचा और एसपी रामजी श्रीवास्तव से न्याय की गुहार लगाई।

See also  धमतरी में आधी रात को बड़ी रेड: रेत माफियाओं पर आधी रात को टूटा उड़नदस्ता, जब्त कीं करोड़ों की 5 चैन माउंटेन मशीनें

एसपी के हस्तक्षेप के बाद कार्रवाई
एसपी के निर्देश पर करीब दो माह बाद गोहपारू पुलिस ने दो महिलाओं और एक पुरुष के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
एसपी रामजी श्रीवास्तव ने कहा कि ग्रामीण के साथ ठगी हुई थी। शिकायत पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।