रायपुर। आगामी गणेश उत्सव को लेकर शहर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में एडिशनल कलेक्टर उमाशंकर बंदे और एडिशनल एसपी लखन पटले ने गणेश उत्सव समितियों की बैठक ली। बैठक में सभी समितियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि उत्सव के दौरान राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य होगा।
सख्त नियम और सुरक्षा इंतजाम
एडिशनल एसपी पटले ने कहा कि, रात 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रत्येक पंडाल में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा समितियों को स्वयंसेवक तैनात करने और रात में विशेष निगरानी की जिम्मेदारी भी दी गई है।
झांकियों के लिए निर्धारित रूट
बैठक में स्पष्ट किया गया कि झांकियां केवल निर्धारित मार्ग से ही निकाली जाएंगी। रूट इस प्रकार होगा:
शारदा चौक – जयस्तंभ – मालवीय रोड – कोतवाली चौक – सदरबाजार – सत्तीबाजार – कंकालीपारा – पुरानी बस्ती थाना – लीली चौक – लाखेनगर – रायपुरा – महादेवघाट।
शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक तक झांकियों पर प्रतिबंध रहेगा।
विसर्जन केवल महादेवघाट में
सभी प्रतिमाओं का विसर्जन केवल महादेवघाट कुंड में ही किया जाएगा। समितियों को निर्देश दिए गए हैं कि झांकियों की ऊंचाई बिजली तारों से सुरक्षित दूरी पर रखी जाए। जनरेटर और वायरिंग सुरक्षित स्थिति में हो। इसके अलावा समितियां अपने सदस्यों व स्वयंसेवकों की सूची संबंधित थाना प्रभारी को सौंपें।
विसर्जन के दौरान छोटे बच्चों और बुजुर्गों को साथ न लाने की अपील भी की गई है, ताकि किसी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।


