बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर ज़िले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां कक्षा दूसरी की मासूम छात्रा को हेडमास्टर ने डंडे से इतनी बेरहमी से पीटा कि उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद बीईओ की शिकायत पर पुलिस ने हेडमास्टर को गिरफ्तार कर लिया है।
क्लास में बच्चों से बात करना नागवार गुजरा
मामला शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के कंजिया प्राइमरी स्कूल का है। यहां जगिमा-पटना गांव निवासी शिवकुमार यादव की बेटी ललिता यादव कक्षा में अपने सहपाठियों से बात कर रही थी। इसी बात पर नाराज़ होकर हेडमास्टर हेरालेआस टोप्पो (55) ने गुस्से में ललिता के पैरों पर डंडे से वार कर दिया।
डंडे से पिटाई के बाद ललिता के पैरों में सूजन और तेज दर्द हुआ। परिजन उसे अंबिकापुर के संजीवनी हॉस्पिटल लेकरपहुंचे, जहां डॉक्टरों ने पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि की। छात्रा का इलाज फिलहाल जारी है।
हेडमास्टर ने इलाज में खर्च करने का किया था वादा
गांव के सरपंच और ग्रामीणों के सामने हेडमास्टर ने इलाज के लिए पैसे देने की सहमति जताई थी, लेकिन छात्रा के पिता ने आरोप लगाया कि उन्हें अब तक कोई मदद नहीं मिली है।
BEO ने दर्ज कराई FIR
यह मामला सामने आने पर बीईओ शंकरगढ़ जय गोविंद तिवारी ने मामले की जांच कराई। जांच में हेडमास्टर की तरफ से छात्रा ललिता यादव के पैरों में डंडा मारने की बात बच्चों ने बताई है। इस मामले में बलरामपुर DEO ने हेडमास्टर के खिलाफ FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए।
BEO जय गोविंद तिवारी की शिकायत पर शंकरगढ़ पुलिस ने हेडमास्टर हेरालेआस टोप्पो (55) के खिलाफ धारा 75, 82 BNS के तहत अपराध दर्ज किया। शंकरगढ़ थाना प्रभारी जितेंद्र जायसवाल ने बताया कि पुलिस ने हेडमास्टर हेरालेआस टोप्पो को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें राजपुर न्यायालय भेजा गया है।



