टीआरपी डेस्क। गुजरात के कच्छ जिले के कोरी क्रीक इलाके में शनिवार देर शाम सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 संदिग्ध पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सभी को मछुआरा बताया जा रहा है, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से ले रही हैं।
BSF की सतर्कता में पकड़े गए संदिग्ध
BSF के जवान नियमित पेट्रोलिंग पर थे, तभी उनकी नजर पाकिस्तानी नावों पर पड़ी। जवानों को देखकर कुछ लोग अपनी नावों समेत पाकिस्तान की सीमा की ओर लौट गए, जबकि 15 लोगों को बीएसएफ ने घेरकर हिरासत में ले लिया। इस दौरान उनकी नावें और सामान भी जब्त किए गए हैं।
पूछताछ और जांच जारी
सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए सभी नागरिक पाकिस्तान के सिंध प्रांत के रहने वाले हैं। फिलहाल बीएसएफ उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में रखे हुए है। उनकी गतिविधियों और भारतीय सीमा में प्रवेश के मकसद की जांच की जा रही है।
वीडियो भी आया सामने
इस पूरी कार्रवाई का एक वीडियो फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बीएसएफ के जवानों को पाकिस्तानी नावों और नागरिकों को घेरते हुए देखा जा सकता है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं और अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


