टीआरपी डेस्क। महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश के बाद अब अधिकांश जिलों में मौसम ने करवट बदल ली है। कई इलाकों में बारिश थमने से जनजीवन सामान्य हो रहा है, लेकिन कुछ जिलों को अभी भी राहत नहीं मिली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के सात जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
IMD के अनुसार, 24 अगस्त को रायगढ़, पुणे, सतारा, कोल्हापुर, परभणी, हिंगोली और नांदेड़ जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियात बरतने की सलाह दी है।
विदर्भ में मौसम सामान्य
वहीं, विदर्भ क्षेत्र को फिलहाल बारिश से राहत मिली है। नागपुर समेत अन्य जिलों में बारिश थम गई है और मौसम साफ है। हालांकि, नागपुर में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है और तापमान अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। आईएमडी ने विदर्भ के किसी भी जिले के लिए बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है, लेकिन आसमान में बादल छाए रहने की संभावना जताई है।



