CG News: दंतेवाड़ा जिले में फर्जी टेंडर मामले में पुलिस की बड़ी कार्यवाही सामने आई है। इस मामले में दोषी पाए गए ट्राइबल के एक रिटायर्ड सहायक आयुक्त और वर्तमान में सेवारत सहायक आयुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक क्लर्क संजय कोड़ोपी फरार है। बता दें कि मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
आदिम जाति कल्याण विभाग में फर्जी टेंडर का यह मामला तब सामने आया जब दंतेवाड़ा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने इसे संज्ञान लिया। 2021 से लेकर अब तक विभाग में फर्जी टेंडर निकाल कर गड़बड़ियां की जा रही थी। कलेक्टर कुणाल दुदावत की जांच में सामने आया कि वर्ष 2021 से लेकर अब तक 45 फर्जी टेंडर निकाले गए। इसे ना तो संवाद के माध्यम से प्रकाशन करवाया गया ना ही विभाग की वेबसाइट में ऑनलाइन आवेदन मंगाए गए। गोपनीय तरीके से टेंडर निकाल कर चहेते ठेकेदारों के माध्यम से काम करवाया गया।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर आदिम जाति कल्याण विभाग के वर्तमान सहायक आयुक्त राजू कुमार नाग ने दंतेवाड़ा सिटी कोतवाली थाने में जांच रिपोर्ट के आधार पर लिखित शिकायत आवेदन देकर एफआईआर दर्ज करवाया। पुलिस ने धारा 318(4),338,336(3),340(2) और 61(2) के तहत गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया है। बता दें इस मामले में एफआईआर 21 अगस्त को दर्ज किया गया था। जिसके बाद सेवानिवृत हो चुके सहायक आयुक्त केएस मसराम को रायपुर और वर्तमान में सेवारत सहायक आयुक्त डॉ आनंद जी सिंह को जगदलपुर से गिरफ्तार किया गया है। वहीं क्लर्क संजय कोड़ोपी कार्रवाई की भनक लगने पर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
क्या है टेंडर के नियम
सरकारी विभागों में जो भी टेंडर निकलता है उसे नियमतः सरकारी एजेंसी संवाद के माध्यम से अखबारों में प्रकाशित करवाना अनिवार्य है। पर इन 45 टेंडरों का कोई भी इश्तिहार किसी भी अखबार में नहीं दिया गया। इतना ही नहीं विभाग के वेबसाइट में भी इसके जरिए आवेदन नहीं मंगवाए गए। टेंडरों की फाइल में फर्जी पेपर की कटिंग A4 साइज में छपवा कर लगा दिया गया। इसे ही आधार बनाकर चहेते ठेकेदारों को काम दे दिया गया।
विभाग द्वारा करवाए गए प्रमुख कार्य
- मुक्तिधाम निर्माण कार्य, लागत 280,52 लाख रुपये को डॉक्टर आनंदजी सिंह तत्कालीन सहायक आयुक्त आदिवासी विकास,
- सर्व आदिवासी भवन प्रथम तल का निर्माण कार्य जिसकी राशि 48,32 लाख रुपये
- माता रूकमणी आवासीय प्राथमिक विद्यालय दन्तेवाड़ा के 30 बिस्तरीय कन्या छात्रावास भवन निर्माण कार्य जिसकी राशि 89,79 लाख रुपये
- एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कुआकोण्डा में शेड निर्माण, लागत 11,30 लाख रुपये
- 100 सीटर कन्या आश्रम गाटम का भवन निर्माण, लागत 212,00 लाख रुपये
- 100 सीटर आदर्श बालक छात्रावास बालूद का नवीन अतिरिक्त कक्ष भवन निर्माण, लागत 288,59 लाख रुपये करीब 930,52 लाख रुपये
कब तक रही पदस्थापना
मिली जानकारी के अनुसार केएस मसराम तत्कालीन सहायक आयुक्त आदिवासी विकास दन्तेवाड़ा और आनंदजी सिंह तत्कालीन सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास दंतेवाड़ा के कार्यकाल में यह फर्जीवाड़ा हुआ। जिसमे 13 मार्च 2021 से 11 जून 2024 के एस मसराम, तत्कालीन सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास दंतेवाड़ा और जून 2024 से 30 अप्रैल 2025 तक आनंद जी सिंह पदस्थ रहे। संजय कोड़ोपी सहायक ग्रेड-02 शाखा लिपिक 2018 से अब वही पदस्थ हैं।


