टीआरपी डेस्क। Vande Bharat Sleeper Train : रेलवे प्रदेशवासियों को एक खास तोहफा देने जा रहा है। जल्द ही देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन दौड़ने वाली है। जिससे राजधानी रूट की यात्रा पहले से कहीं ज्यादा आरामदायक और तेज हो जाएगी। दरअसल बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की सियासी गर्मी के बीच एक नई हलचल भारतीय रेलवे की ओर से देखने को मिल रही है। चुनावी तैयारियों और यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। यह वन्दे भारत स्लीपर ट्रेन दिल्ली से पटना के बीच दौड़ेगी।
सूत्रों का कहना है कि यह सेमी हाई-स्पीड ट्रेन पूरी तरह तैयार है और इसका ट्रायल रन सफल रहा है। फिलहाल ट्रेन दिल्ली के शकूरबस्ती शेड में खड़ी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों इसके औपचारिक शुभारंभ की तैयारी चल रही है। यह ट्रेन आधुनिक तकनीक, आराम और रफ्तार का अनोखा संगम होगी।
Vande Bharat Sleeper Train : इस स्लीपर वर्जन में थर्ड एसी से लेकर फर्स्ट एसी तक के कोच होंगे। ट्रेन के इंटीरियर को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यात्री खुद को लग्जरी बस या विमान में महसूस करेंगे। यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, ऑटोमैटिक डोर और फायर सेफ्टी सिस्टम जैसी सुविधाएं दी गई हैं। वहीं बाथरूम में भी प्रीमियम फिटिंग्स और नहाने की खास व्यवस्था की गई है।
यह ट्रेन 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने में सक्षम होगी और इसमें प्रीमियम कैटरिंग सेवाएं भी उपलब्ध होंगी। हालांकि राजधानी एक्सप्रेस की तुलना में इसका किराया थोड़ा अधिक हो सकता है और इसमें डायनेमिक फेयर सिस्टम लागू होने की संभावना है।


