टीआरपी डेस्क। SCO Summit : चीन के तियानजिन शहर में चल रहे शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में वैश्विक कूटनीति के कई दिलचस्प रंग देखने को मिले हैं। एक तरफ जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच गर्मजोशी दिखी, वहीं दूसरी ओर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ बिल्कुल अलग-थलग नजर आए।
सम्मेलन के दूसरे दिन सोमवार को एक ऐसा मौका आया, जिसने दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन एक-दूसरे से बातचीत करते हुए हॉल से गुजर रहे थे। दोनों का अंदाज उनकी गहरी दोस्ती और मजबूत रिश्तों की गवाही दे रहा था। ठीक उसी समय, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ एक कोने में हाथ बांधे अकेले खड़े थे और इन दोनों वैश्विक नेताओं को आशाभारी भरी निगाहों से देख रहे थे। इस दौरान किसी भी अन्य नेता को उनसे बातचीत करते या उन्हें तवज्जो देते नहीं देखा गया।

SCO Summit : यह नजारा वैश्विक मंच पर भारत के बढ़ते कद और पाकिस्तान की मौजूदा स्थिति को साफ बयां करता है। इससे पहले भी आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति शी जिनपिंग को अनौपचारिक रूप से बातचीत करते देखा गया था, जो इस सम्मेलन में सबसे प्रमुख तस्वीरों और चर्चा के विषयों में से एक रही।



