टीआरपी डेस्क। 6G Network : 5G के बाद दुनिया के प्रमुख देश 6G को डेवलप करने में जुट चुके हैं। कहा जाता है कि 6G के आने से दुनिया में इंटरनेट कनेक्टिविटी इतनी तेज हो जाएगी कि चंद सेकंड्स में हैवी फाइल्स को डाउनलोड किया जा सकेगा। 6G से जुड़ी एक अहम खबर के तहत चीनी वैज्ञानिकों ने दुनिया की पहली ‘ऑल फ्रीक्वेंसी’ 6G चिप डेवलप कर ली है। इसे 6G पर बहुत बड़ी खोज के रूप में देखा जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह चिप 100 GBPS प्रति सेकंड की मोबाइल इंटरनेट स्पीड दे सकती है। दावा है कि पलक झपकते ही डिवाइस में 50 GB की फाइल डाउनलाेड की जा सकेगी।
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी वैज्ञानिकों ने जो 6G चिप डेवलप किया है, उससे भविष्य में ग्रामीण और शहरी इलाकों में इंटरनेट स्पीड के अंतर को भी खत्म किया जा सकेगा, जिसका मतलब है कि ग्रामीण इलाकों में रहकर भी लोग हाईस्पीड इंटरनेट का इस्तेमाल कर सकेंगे। चीन द्वारा डेवलप की गई चिप वायरलेस स्पेक्ट्रम के सभी बैंड पर काम करती है। पेकिंग यूनिवर्सिटी और सिटी यूनिवर्सिटी ऑफ हांगकांग के वैज्ञानिकों ने मिलकर चिप को डेवलप किया है। दावा है कि यह इतनी तेज है कि 50 GB की 8K फिल्म को सेकंड्स में डाउनलोड कर सकती है।
5G में इस्तेमाल होती हैं अलग-अलग फ्रीक्वेंसी
मौजूदा टेक्नॉलजी 5G में हाईस्पीड कनेक्टिविटी देने के लिए अलग-अलग फ्रीक्वेंसी का इस्तेमाल किया जा रहा है। रिपोर्ट से पता चलता है कि चीन में भी अलग-अलग फ्रीक्वेंसी और डिवाइस इस्तेमाल हो रहे हैं। कुछ 5G मोबाइल फोन्स 3 गीगाहर्ट्ज पर काम करते हैं, जबकि सैटेलाइट 30GHz का इस्तेमाल करते हैं।
वैज्ञानिकों ने चिप में किया ये आविष्कार
पेकिंग यूनिवर्सिटी और सिटी यूनिवर्सिटी ऑफ हांगकांग के वैज्ञानिकों ने जो 6G चिप बनाई है, वह अपने आप में खास है। वैज्ञानिकों ने इसमें 0.5 GHz से 115 GHz फ्रीक्वेंसी को फिट कर दिया है। पहले यह काम अलग-अलग चिप्स के जरिए होता था, लेकिन भविष्य में सिर्फ एक चिप से किया जा सकेगा। खास बात यह भी है कि जिस चिप को डेवलप किया गया है, उसका साइज नाखून के बराबर है। दावा है कि यह चिप अलग-अलग फ्रीक्वेंसी के बीच स्विच कर सकती है। चिप की यही खूबियां इसे 6G नेटवर्क के लिए परफेक्ट बनाती हैं।
भीड़ में भी मिलेगी सुपरफास्ट स्पीड
6G Network : चीन में डेवलप की गई 6G चिप का कमर्शियल इस्तेमाल कब से शुरू होगा, इस बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। कहा जा रहा है कि इसके इस्तेमाल से भीड़भाड़ वाली जगहों जैसे कॉन्सर्ट या स्पोर्ट्स इवेंट्स पर भी हाईस्पीड इंटरनेट चलाया जा सकेगा।



