रायपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (CM Vishnu Deo Sai) आज सोमवार को लगभग 5 घंटे के लिए नया रायपुर स्थित मंत्रालय में मौजूद रहेंगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान वे कई महत्वपूर्ण विभागीय फाइलों की समीक्षा करेंगे इसके पश्चात कुछ अहम प्रशासनिक निर्णय लिए जा सकते हैं।

सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से लंबित स्थानांतरण की कुछ फाइलें, जिन पर निर्णय टलता आ रहा था, उन्हें लेकर आज कोई ठोस पहल हो सकती है। खासकर कुछ जिलों और प्रमुख विभागों में कार्यरत अधिकारियों के तबादलों की संभावनाओं को देखते हुए अधिकारी वर्ग भी सतर्क है।

इसके अलावा, पुलिस विभाग के 21 पुरुष एवं 25 महिला नगर निरीक्षकों को लगभग 90 दिन पहले डीएसपी पद पर पदोन्नत किया गया था। उनकी पदस्थापना को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री की आज की मंत्रालय उपस्थिति के दौरान इस विषय पर भी कोई ठोस निर्णय लिया जा सकता है।

See also  Weather Update Chhattisgarh: 10 दिनों में आठ डिग्री लुढ़का पारा, सरगुजा संभाग में बढ़ने लगी ठंड,राजधानी रायपुर में गुलाबी ठंड का अहसास

प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल और पदस्थापन को लेकर बीते कुछ समय से सस्पेंस बना हुआ है। ऐसे में मुख्यमंत्री का मंत्रालय में यह विस्तारित प्रवास कई अटकलों को जन्म दे रहा है। हालांकि, अंतिम निर्णय क्या होगा – इसका पता तो दिन के अंत में ही चलेगा, लेकिन यह स्पष्ट है कि कुछ अहम फाइलों पर आज मोहर लग सकती है।