रायपुर। CG Congress : छत्तीसगढ़ में आगामी चुनावों को लेकर चल रही राजनीतिक हलचलों के बीच छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा में चुनावी नेतृत्व और सरकार की नाकामी को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिए। सचिन पायलट बिलासपुर में कांग्रेस द्वारा आयोजित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे थे।
“2028 का चुनाव एकजुट होकर लड़ेगी कांग्रेस”
कांग्रेस में चुनावी नेतृत्व को लेकर उठ रहे सवालों पर पायलट ने स्पष्ट किया कि, कांग्रेस एकजुट होकर 2028 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी। जब कांग्रेस चुनाव लड़ती है, तो केवल व्यक्ति नहीं, हर कार्यकर्ता चुनाव लड़ता है। पार्टी सभी को जिम्मेदारी देती है और हम मिलकर लड़ते हैं। यह किसी व्यक्ति विशेष का मामला नहीं है। इस बयान के जरिए पायलट ने कांग्रेस में गुटबाजी की बात को खारिज करते हुए एकजुटता और सामूहिक नेतृत्व की बात दोहराई।
भाजपा पर पायलट का तीखा हमला
राज्य और केंद्र में भाजपा सरकार की नीतियों पर कटाक्ष करते हुए सचिन पायलट ने कहा “डबल इंजन की सरकार केवल धुआं फेंक रही है। जनता की समस्याओं पर कोई ठोस काम नहीं हो रहा। महंगाई, बेरोजगारी और मूलभूत सुविधाओं को लेकर लोगों की तकलीफें बढ़ी हैं, लेकिन सरकार दिखावे और प्रचार में व्यस्त है।”
CG Congress : बहरहाल, सचिन पायलट के इस दौरे और बयानों से छत्तीसगढ़ की राजनीति में कांग्रेस की सक्रियता फिर से बढ़ती दिख रही है। पायलट ने जहां एक ओर कांग्रेस की संगठनात्मक एकता का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर सरकार को सीधे निशाने पर लेकर राजनीतिक हलचल को भी बढ़ा दिया है।


