टीआरपी डेस्क। World’s Richest Person : दुनिया के सबसे अमीर शख्स की सूची में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। ओरेकल कॉर्पोरेशन के को-फाउंडर और चेयरमैन लैरी एलिसन ने एलन मस्क को पीछे छोड़ते हुए दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति का स्थान हासिल कर लिया है। यह बदलाव ओरेकल के मजबूत तिमाही नतीजों के बाद सामने आया है, जिसके चलते ओरेकल के शेयर्स में जोरदार उछाल दर्ज किया गया और एलिसन की नेटवर्थ में एक ही दिन में 101 अरब डॉलर (करीब ₹8.9 लाख करोड़) की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

बुधवार को कंपनी के शेयर्स में 41% तक की बढ़त देखने को मिली। इससे पिछले कारोबारी दिन इसका शेयर 241.63 डॉलर पर बंद हुआ था, लेकिन बुधवार को यह 319.19 डॉलर पर खुला और 345.72 डॉलर तक पहुंच गया। साल 2025 में अब तक कंपनी के स्टॉक्स में 45% से अधिक की तेजी आई है।

ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के अनुसार, न्यूयॉर्क टाइमजोन में बुधवार सुबह 10:10 बजे तक लैरी एलिसन की कुल संपत्ति 393 अरब डॉलर तक पहुंच गई। वहीं, एलन मस्क की संपत्ति 385 अरब डॉलर दर्ज की गई, जिससे एलिसन ने उन्हें पीछे छोड़ दिया। किसी भी अरबपति की संपत्ति में एक ही दिन में हुआ यह अब तक का सबसे बड़ा उछाल माना जा रहा है।

See also  वसीयत को लेकर हाईकोर्ट ने निचली अदालत का फैसला पलटा, कहा- सिर्फ गवाहों के हस्ताक्षर काफी नहीं, वैध होने की शर्तें पूरी करना जरूरी

टेस्ला और स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क ने पहली बार 2021 में दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति का खिताब अपने नाम किया था। हालांकि बीच में जेफ बेजोस और बर्नार्ड अरनॉल्ट जैसे दिग्गजों ने भी यह स्थान हासिल किया, लेकिन मस्क ने 2024 में फिर से नंबर-1 की पोजीशन हासिल की थी। लेकिन टेस्ला के शेयरों में आई 13% की गिरावट ने उनकी नेटवर्थ पर नकारात्मक असर डाला और वे दूसरे स्थान पर फिसल गए।

World’s Richest Person : 81 वर्षीय लैरी एलिसन इस उम्र में भी ओरेकल के चेयरमैन और चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर के तौर पर कंपनी की बागडोर संभाले हुए हैं। उनकी संपत्ति का बड़ा हिस्सा ओरेकल में उनकी हिस्सेदारी से आता है। कंपनी की हालिया ग्रोथ और मुनाफे ने एलिसन को संपत्ति के मामले में नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है। यह बदलाव न केवल टेक इंडस्ट्री में हलचल का संकेत देता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि बाजार में एक बड़ा उछाल किस तरह अरबपतियों की संपत्ति और रैंकिंग को रातों-रात बदल सकता है।

See also  अमेरिका में छत्तीसगढ़ को मिली ‘ग्रोइंग ट्राइबल स्टेट‘की पहचान