रायपुर। प्रदेशभर में मानसून की सक्रियता जारी है। पिछले 24 घंटों में अधिकांश जिलों में बारिश हुई, जबकि बस्तर और बिलासपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई। कांकेर जिले के चारामा में 8 सेंटीमीटर बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, विदाई के करीब पहुंच रहे मानसून के चलते अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं, बस्तर संभाग और उससे लगे रायपुर व दुर्ग संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ भारी वर्षा और वज्रपात की संभावना जताई गई है। इसके बाद वर्षा की गतिविधि में कमी आने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी और आसपास बने निम्न दबाव क्षेत्र और ऊपरी हवा के चक्रीय परिसंचरण के असर से अगले दो दिनों तक दक्षिण ओड़िशा, उत्तर आंध्रप्रदेश और दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मानसून द्रोणिका वर्तमान में अमृतसर से लेकर मुजफ्फरपुर, हरदोई, डाल्टनगंज होते हुए निम्न दबाव क्षेत्र तक फैली हुई है। इसके अलावा एक अन्य द्रोणिका बंगाल की खाड़ी से दक्षिण महाराष्ट्र तक सक्रिय है। विशेषज्ञों का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों के चलते अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला रहेगा।


