टीआरपी डेस्क। Brutal Murder : अमेरिका के टेक्सास राज्य से भारतीय समुदाय को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। 50 वर्षीय भारतीय मूल के चंद्रमौली नागमल्लैया की डलास शहर के एक मोटल में नृशंस हत्या कर दी गई। हत्यारा इतना क्रूर था कि उसने पूरी घटना को पीड़ित की पत्नी और बच्चे के सामने अंजाम दिया।

वॉशिंग मशीन को लेकर हुआ था विवाद

यह घटना डलास के टेनिसन गोल्फ कोर्स के पास स्थित डाउनटाउन सूट्स मोटल में हुई, जहां नागमल्लैया अपनी पत्नी और बेटे के साथ रह रहे थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार पीड़ित ने आरोपी कोबोस-मार्टिनेज और उसकी महिला सहकर्मी को खराब मशीन का उपयोग न करने को कहा था। इस दौरान भाषा को लेकर हुई एक गलतफहमी में आरोपी भड़क गया क्योंकि नागमल्लैया ने महिला सहकर्मी से कह कर अपनी बात अनुवादित करवाई थी।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

CCTV फुटेज में साफ देखा गया कि 37 वर्षीय कोबोस-मार्टिनेज ने एक बड़ा चाकू निकालकर नागमल्लैया पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नागमल्लैया जान बचाने के लिए होटल के ऑफिस की तरफ भागे, जहां उनकी पत्नी और 18 वर्षीय बेटा मौजूद थे, लेकिन आरोपी ने उनका पीछा कर दोबारा हमला कर दिया।

See also  कोरोना का असर: IMF Chief का बड़ा बयान, 2009 की मंदी से भी ज्यादा भयानक होगी आने वाली स्थिति

क्रूरता की सारी हदें पार

वीडियो फुटेज में यह भी सामने आया कि हमले के बाद आरोपी ने कटे हुए सिर को लात मारी और फिर उसे उठाकर कूड़ेदान में फेंक दिया। यह दृश्य न केवल भयावह है बल्कि मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाला भी है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

डलास पुलिस ने हत्या के आरोपी को घटनास्थल से कुछ समय बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रिकॉर्ड्स के अनुसार, मार्टिनेज का पहले भी ह्यूस्टन में आपराधिक इतिहास रहा है जिसमें वाहन चोरी और हमले के मामले शामिल हैं। यदि कोर्ट में मार्टिनेज दोषी साबित हुआ, तो उसे बिना पैरोल के आजीवन कारावास या मृत्युदंड तक की सजा हो सकती है।

भारतीयों में शोक की लहर

मूल रूप से कर्नाटक के रहने वाले चंद्रमौली नागमल्लैया को उनके दोस्त और परिवार वाले “बॉब” के नाम से जानते थे। उनकी मौत के बाद भारतीय समुदाय में शोक की लहर है। दोस्त और समुदायजन मदद के लिए आगे आए हैं और इस त्रासदी को ‘अकल्पनीय और असहनीय’ बताया है।

See also  रिटायर्ड IAS सलीना सिंह के साथ हुआ फ्रॉड, पति की एफडी का 54 लाख दूसरी महिला ने पत्नी बनकर हड़पा

Brutal Murder : यह घटना न केवल अमेरिका में भारतीयों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा करती है, बल्कि अप्रवासी समुदायों को लेकर बढ़ती संवेदनहीनता और हिंसा की गंभीर तस्वीर भी पेश करती है।