टीआरपी डेस्क। Glued Eyes : ओडिशा के कंधमाल जिले में एक सरकारी आवासीय स्कूल में बड़ी घटना हो गई। कंधमाल के फिरिंगिया ब्लॉक के सलागुडा स्थित सेबाश्रम स्कूल के हॉस्टल में देर रात 8 छात्रों की आंखों में फेवीक्विक डाल दिया गया, जिसके बाद बच्चों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
घटना के समय सो रहे थे बच्चे
जानकारी के मुकाबिक, घटना उस वक्त हुई जब छात्र गहरी नींद में सोए हुए थे। कुछ सहपाठियों ने शरारत या दुर्भावना के चलते सोते हुए छात्रों की आंखों में फेवीक्विक जैसा चिपकने वाला रसायन डाल दिया। बच्चों की आंखें चिपक गईं और वे उन्हें खोल भी नहीं पा रहे थे। जानकारी के तुरंत बाद पीड़ितों को गोछापाड़ा अस्पताल ले जाया गया, वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें फूलबनी जिला अस्पताल में शिफ्ट किया गया।
नियंत्रण में सारी स्थिति, कोई नुकसान नहीं
डॉक्टर्स ने बताया कि रासायनिक तत्वों से आंखों को नुकसान जरूर पहुंचा है, लेकिन समय रहते इलाज मिलने से गंभीर क्षति होने से बचा लिया गया। एक छात्र की हालत सुधरने पर उसे छुट्टी दे दी गई है। शेष 7 छात्र अब भी फूलबनी अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रधानाध्यापक निलंबित, जांच के आदेश जारी
जिला प्रशासन ने इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए स्कूल के प्रधानाध्यापक मनोरंजन साहू को निलंबित कर दिया है। कंधमाल के कलेक्टर ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। बाल कल्याण अधिकारी ने अस्पताल जाकर पीड़ित छात्रों से मुलाकात की और घटना की जानकारी जुटाई।
Glued Eyes : फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि, यह घटना किसी शरारत के तहत की गई या फिर पूर्व नियोजित हमला था। प्रशासनिक अधिकारी इस मामले में साजिश की दिशा से भी जांच रहे हैं।


