0 गुढ़ियारी स्थित अवधपुरी मैदान में पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं के लिए आठ से अधिक भव्य पंडाल का निर्माण
divy darbaar; टीआरपी न्यूज। छत्तीसगढ़ के लाखों श्रद्धालु एक बार फिर भक्ति और आध्यात्म के महासागर में गोते लगाने को तैयार है। राजधानी रायपुर में तीसरी बार बागेश्वर धाम वाले पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हनुमंत कथा और दिव्य दरबार के लिए पधार रहे हैं। पं.शास्त्री के मुख से कथा सुनने और दिव्य दरबार में शामिल होने के लिए गांव गांव से लाखों लोग पहुंचेंगे। डेढ़ साल पहले जब शास्त्री पधारे थे, उस समय उमड़ी भीड़ के चलते काफी अव्यवस्था का सामना करना पड़ा था। इससे सबक लेते हुए इस बार विशेष व्यवस्था की जा रही है।
समाजसेवी चंदन एवं बसंत अग्रवाल के नेतृत्व में स्व. पुरुषोत्तम अग्रवाल स्मृति फाउंडेशन के तत्वावधान में गुढ़ियारी की पुण्य धरा यह आध्यात्मिक महोत्सव 4 से 8 अक्टूबर 2025 तक होने जा रहा है। इस विराट आयोजन के सफल क्रियान्वयन और व्यवस्थाओं को सुचारू रूप देने के लिए 14 सितंबर को कार्यालय का विधिवत पूजन-अर्चन के साथ शुभारंभ किया गया। यह कार्यालय आयोजन की तैयारियों का केंद्र बिंदु होगा, जहां से सभी व्यवस्थाओं का संचालन और समन्वय किया जाएगा। कार्यालय शुभारंभ पर समाजसेवी रूपनारायण सिंही, लोकेश कांवड़िया आदि उपस्थित रहे।
विविध समिति गठित कर जिम्मेदारी सौंपी
उद्घाटन के पश्चात बैठक हुई। इसमें कथा की विभिन्न व्यवस्थाओं जैसे पंडाल, भोजन (भंडारा), जल, सुरक्षा, यातायात, और लाखों भक्तगणों के बैठने की व्यवस्था पर चर्चा की गई। आयोजन से जुड़े सभी सेवादारों को उनकी योग्यतानुसार जिम्मेदारियां सौंपी गई।
श्रद्धा भक्ति का माहौल
प्रदेशभर के श्रद्धालुओं में रायपुर में होने जा रही पं.धीरेंद्र शास्त्री की कथा को लेकर विशेष उत्साह छाया है। गुढ़ियारी स्थित अवधपुरी मैदान में पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं के लिए आठ से अधिक भव्य पंडाल का निर्माण जोरशोर से किया जा रहा है।



