टीआरपी डेस्क। एलन मस्क के नेतृत्व वाली अमेरिकी इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी टेस्ला एक बार फिर मुश्किलों में फंसती नज़र आ रही है। अमेरिका में कई मां-बाप को अपने ही बच्चों को टेस्ला कार से निकालने के लिए कांच तोड़ना पड़ा है. अब मामला अमेरिकी ट्रैफिक सेफ्टी एजेंसी NHTSA के पास पहुंचा है।

जानकारी के मुताबिक, अमेरिकी परिवहन सुरक्षा एजेंसी नेशनल हाईवे ट्रैफिक सेफ्टी एडमिनिस्ट्रेशन (NHTSA) ने टेस्ला की करीब 1.74 लाख Model Y कारों की जांच शुरू कर दी है। इन कारों की मैन्युफैक्चरिंग 2021 में हुई है। इलेक्ट्रॉनिक डोर हैंडल अचानक बंद होने की शिकायतों के बाद ये कदम उठाया गया है।

माता-पिता की शिकायतें

नेशनल हाईवे ट्रैफिक सेफ्टी एडमिनिस्ट्रेशन (NHTSA) को मिली शिकायतों में कई माता-पिता ने दावा किया है कि जब वे अपने बच्चों को पीछे की सीट पर बैठाने या निकालने के लिए कार का दरवाज़ा खोलने लौटे, तो इलेक्ट्रॉनिक डोर हैंडल ने काम करना बंद कर दिया। अब तक एजेंसी के पास 9 ऐसे मामले दर्ज हो चुके हैं, जिनमें दरवाज़े नहीं खुल सके। सबसे चिंताजनक बात यह है कि चार मामलों में माता-पिता को अपने बच्चों तक पहुंचने के लिए कार की खिड़की तोड़नी पड़ी।

See also  नया फीचर: WhatsApp Business App से कर पाएंगे शॉपिंग

तकनीकी खामी का संदेह

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह समस्या तब उत्पन्न होती है, जब इलेक्ट्रॉनिक डोर लॉक को वाहन से पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिलता। कुछ मामलों में लो-वोल्टेज बैटरी को बदलना पड़ा, लेकिन कार मालिकों को बैटरी से संबंधित कोई पूर्व चेतावनी नहीं मिली। यह खामी उन परिस्थितियों में और गंभीर हो जाती है, जहां तुरंत कार के अंदर पहुंचना जरूरी हो।

क्यों बढ़ रही है चिंता?

टेस्ला वाहनों में मैन्युअल डोर रिलीज़ का विकल्प मौजूद है, लेकिन छोटे बच्चे इसे इस्तेमाल करने में असमर्थ होते हैं। इस कारण यह खामी, खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठा रही है। माता-पिता और विशेषज्ञ इस बात से चिंतित हैं कि ऐसी स्थिति आपातकाल में जानलेवा साबित हो सकती है।