टीआरपी डेस्क। Raipur-Rajim Passenger Train : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने एक नई रेल सेवा की शुरुआत का निर्णय लिया है, जो रायपुर से राजिम तक सीधी ट्रेन सुविधा उपलब्ध कराएगी। 18 सितंबर से 68766/68767 रायपुर-राजिम-रायपुर मेमू पैसेंजर ट्रेन की शुरुआत की जा रही है। यह ट्रेन प्रतिदिन दोनों दिशाओं में चलेगी, जिससे इस रूट पर यात्रा करने वाले लोगों को काफी सहूलियत होगी।

अब तक केवल रायपुर से अभनपुर तक मेमू ट्रेनों का संचालन हो रहा था, लेकिन यात्रियों की लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए अब इस सेवा को राजिम तक बढ़ाया गया है। इस पहल से खासकर रोजाना यात्रा करने वाले कामकाजी लोगों, विद्यार्थियों और स्थानीय यात्रियों को राहत मिलेगी।

Raipur-Rajim Passenger Train : नई ट्रेन सेवा की शुरुआत 18 सितंबर को राजिम स्टेशन से विशेष ट्रेन 06767 के रूप में की जाएगी, जबकि 19 सितंबर से यह ट्रेन नियमित समय पर चलेगी। ट्रेन में कुल आठ डिब्बे होंगे, जिनमें छह सामान्य श्रेणी के और दो पावर कार शामिल हैं।

See also  Hanuman Jayanti 2026 Daan Upay: हनुमान जयंती पर बना दुर्लभ संयोग: अपनी राशि के अनुसार कर दें इन चीजों का दान, टल जाएंगे सारे बड़े संकट!

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस सेवा से राजिम और रायपुर के बीच आवागमन आसान होगा और लोगों को राजधानी से बेहतर जुड़ाव मिलेगा। फिलहाल प्रतिदिन करीब दो हजार लोग इस रूट पर सफर करते हैं, और यह संख्या नई सुविधा के बाद और बढ़ सकती है।

रेल प्रशासन का यह भी कहना है कि भविष्य में यात्रियों की आवश्यकताओं और मांग के आधार पर अन्य मार्गों पर भी रेल सेवाओं का विस्तार किया जा सकता है। इससे क्षेत्रीय विकास को गति मिलने की उम्मीद है।