जांजगीर-चाम्पा। जांजगीर-चाम्पा जिले के थाना बिर्रा क्षेत्र के करही गांव में शराब पीने से दो युवकों की मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह मामला हादसा नहीं बल्कि पूर्व नियोजित हत्या थी। गांव के ही दो आरोपियों ने रंजिश के चलते अंग्रेजी शराब में सुहागा मिलाकर साजिश रची थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी भोला उर्फ सुरेन्द्र टंडन और उसके चचेरे भाई अनिल टंडन को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

शराब पीते ही बिगड़ गई थी हालत

दरअसल 15 सितंबर की सुबह ग्राम करही निवासी सूरज यादव और मनोज कश्यप शराब पीने के लिए भोला टंडन के पास पहुंचे थे। शराब पीने के कुछ समय बाद दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। दो युवकों की मौत से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। यह आरोप लगने लगे कि इलाके में अवैध शराब की बिक्री हो रही है।

See also  Veer Bal Diwas: आज वीर बाल दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, इंडोर स्टेडियम में सुरुज कवि सम्मेलन में करेंगे शिरकत

परेशान होकर रच डाला षडयंत्र

जांजगीर-चांपा एसपी विजय कुमार पांडेय ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि थाना बिर्रा पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में 24 घंटे के भीतर पूरे मामले की गुत्थी सुलझा ली गई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मुख्य आरोपी भोला टंडन अवैध रूप से अंग्रेजी शराब बेचता था। मृतक अक्सर भोला को परेशान करते थे, जिससे नाराज होकर भोला और उसके चचेरे भाई अनिल ने मिलकर उन्हें सबक सिखाने की योजना बनाई।

शराब में मिला दिया सुहागा

पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने हत्या की नीयत से अंग्रेजी शराब में सुहागा मिलाया था। यही जहरीला मिश्रण दोनों मृतकों ने पिया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सुहागा, रेपर और सूजा बरामद किया है।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी

पुलिस ने इस मामले में धारा 103(1) BNS, 61(2), 123 BNS के तहत अपराध दर्ज कर मुख्य आरोपी भोला उर्फ सुरेन्द्र टंडन और अनिल टंडन को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

See also  Raipur City News: रायपुर में महादेव सट्टा ऐप का आरोपी कारोबारी ने की खुदकुशी, सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर मौजूद

एसपी विजय कुमार पांडेय ने बताया कि साइबर टीम और थाना बिर्रा पुलिस के संयुक्त प्रयास से यह बड़ी कार्रवाई संभव हो पाई। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर अपराधियों को सख्त सजा दिलाने की प्रक्रिया जारी रहेगी।