भोपाल। पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए डीजीपी कैलाश मकवाणा ने शुक्रवार को कई महत्वपूर्ण फैसले लिए। राज्य स्तरीय पुलिस परामर्शदात्री और पुलिस कल्याण समिति की बैठक में परोपकार निधि के तहत पुलिसकर्मी के निधन पर उनके परिवार को दी जाने वाली सहायता राशि को 1 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दिया गया। इस राशि के लिए सभी रैंक के पुलिसकर्मियों से सालाना 1200 रुपये (100 रुपये प्रतिमाह) लिए जाएंगे। हालांकि, पुलिसकर्मी लिखित अनुरोध पर इस योजना से बाहर हो सकते हैं। इसके अलावा, शिक्षा निधि की सहायता राशि में 50% की वृद्धि की गई है।

6 साल बाद हुई कल्याण समिति की बैठक

लगभग 6 साल बाद रवींद्र भवन में आयोजित इस बैठक में डीजीपी कैलाश मकवाणा ने अध्यक्षता की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 7,500 आरक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके अतिरिक्त, 500 एसआई-सूबेदार और 500 कार्यालयीन स्टाफ की भर्ती भी जल्द शुरू होगी। पुलिसकर्मियों की सेवा पुस्तिकाओं को डिजिटल करने के लिए ई-एचएमआरएस सिस्टम लागू किया जाएगा।

See also  मरणोपरांत कांग्रेस नेता बने धमतरी निगम के एल्डरमैन! सरकार की हो रही किरकिरी

थानों और पुलिस लाइनों की सुविधाओं पर चर्चा

बैठक में थानों और पुलिस लाइनों की सुविधाओं, बंदियों की खुराक, और छोटे जेल वाहनों जैसे प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श हुआ। इन फैसलों से पुलिसकर्मियों के कल्याण और कार्यक्षमता में सुधार की उम्मीद है।