सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा में किसानों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही। यूरिया की अतिरिक्त आपूर्ति होने के बावजूद कालाबाजारी जारी है। एक किसान ने सहकारी समिति द्वारा 267 रुपये की यूरिया की बोरी 600 रुपये में बेचे जाने से परेशान होकर इसकी शिकायत सीधे कृषि मंत्री रामविचार नेताम से कर दी।

मंत्री के निर्देश पर तुरंत कार्रवाई

किसान की शिकायत पर मंत्री ने कलेक्टर विलास भोस्कर को तत्काल एक्शन लेने का आदेश दिया। इसके बाद फर्टिलाइजर इंस्पेक्टर सोहन भगत की अगुवाई में टीम सकालो स्थित बहुउद्देशीय सहकारी समिति के गोदाम पर पहुंची और गोदाम को सील कर दिया। साथ ही टीम ने मौके पर पहुंचे किसानों के बयान दर्ज किए, जिन्होंने महंगे दाम पर यूरिया खरीदने की बात स्वीकार की।

कालाबाजारी पर सरकार सख्त

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने साफ किया है कि यूरिया की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। सरकार का दावा है कि सरगुजा संभाग में यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति कर दी गई है, ताकि किसानों को परेशानी न हो। लेकिन हकीकत यह है कि कालाबाजारी की वजह से किसानों को बोरी के दाम 1200 से 1500 रुपये तक चुकाने पड़ रहे थे। हाल के दिनों में कुछ विक्रेताओं पर कार्रवाई भी हुई है, मगर किसान मानते हैं कि वह ज्यादातर खानापूर्ति भर रही।

See also  बड़ी खबरः मुख्य सचिव से मुलाकात के बाद आज खत्म हो सकती है छग कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की हड़ताल

गोदाम सील, अब फार्म हाउस से बिक्री का आरोप

स्थानीय किसानों ने आरोप लगाया कि सहकारी समिति का संचालन करने वाले प्रभावशाली लोग हैं। गोदाम सील होने के बावजूद उनके फार्म हाउस में यूरिया का भंडारण किया गया है और वहीं से 600 रुपये तक में बोरी बेची जा रही है। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।